उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवती ने अपनी शादी के रास्ते में आ रही रुकावट को हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
अकेला पाकर घर में दिया वारदात को अंजाम
यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव की है। शुक्रवार रात गांव की रहने वाली 55 वर्षीय राजमती घर पर अकेली थीं। उनके पति गिरधारी लाल सरोज अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी का दशहरा मेला देखने गए हुए थे।
मौके का फायदा उठाकर आरोपी दिलीप घर में दाखिल हुआ और उसने ईंट से राजमती के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। रात करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य मेले से घर लौटे, तो आंगन में राजमती का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
शादी का विरोध करने पर रची खौफनाक साजिश
पुलिस की तफ्तीश में इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई। जांच में पता चला कि मृतका की छोटी बेटी का उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमती इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं। मां के विरोध से नाराज होकर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया।
फोन पर प्रेमी को दे रही थी घरवालों की लोकेशन
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए बेटी लगातार फोन के माध्यम से अपने प्रेमी को परिवार के सदस्यों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी दे रही थी। वह हत्या से पहले और वारदात के बाद भी आरोपी के संपर्क में बनी रही। घटनास्थल से फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड द्वारा जुटाए गए अहम सबूतों व कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने दोनों की संलिप्तता उजागर की और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।




