भारत-अमेरिका संबंध में इस महिला की अहम भूमिका

अमेरिकी सीनेटर टिम कायने ने कहा है कि जो बाइडन प्रशासन में अहम पद पर नामित हुईं भारतीय-अमेरिकी राजनयिक उजरा जेया ने भारत-अमेरिकी रणनीतिक साझेदारी की रूपरेखा को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, इस रूपरेखा को पिछले दशक में द्विदलीय समर्थन भी मिला है।

सीनेटर टिम कायने ने असैन्य सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकारों के लिए अवर विदेश सचिव के पद पर पुष्टि की सुनवाई के दौरान जेया का परिचय देते हुए यह बात कही। जेया ने राजनयिक के रूप में नई दिल्ली में भी सेवाएं दी हैं।

जेया ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 2018 में विदेश सेवा छोड़ दी थी। कायने ने गत सप्ताह जेया के नाम पर मुहर लगाने के लिए सुनवाई के दौरान सीनेट की विदेश संबंध समिति के सदस्यों से कहा, जेया की बनाई रूपरेखा हिंद-प्रशांत साझेदारी की बुनियाद के लिए आज भी स्रोत का काम कर रही है। उन्होंने कहा, उजरा जेया ने अफगानिस्तान में लैंगिक समानता का समर्थन करने और विदेशों में निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव कराने में मदद के लिए नई द्विपक्षीय पहल भी कीं। 

जेया ने 5 राष्ट्रपतियों को दीं सेवाएं
सीनेटर टिम कायने ने कहा कि उजरा जेया ने पांच राष्ट्रपतियों (तीन रिपब्लिकन और दो डेमोक्रेट) के शासन में सेवाएं दीं और चार महाद्वीपों में विदेश सेवा की अधिकारी के तौर पर 28 साल तक उत्कृष्ट योगदान दिया। वह मानवाधिकार, लोकतंत्र और श्रम की कार्यवाहक सहायक सचिव के रूप में काम कर रही थीं।

भारतवंशियों को गौरवान्वित करने वाली बेटी
कायने ने कहा, उजरा जेया देश में भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों को गौरवान्वित करने वाली बेटी हैं। वह अवर विदेश सचिव के रूप में सेवाएं देने वाली पहली एशियाई अमेरिकी महिला होंगी और मेरा मानना है कि वह इस पद पर काबिज होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जेया ने सांसदों को बताया कि उनके दादा भारत में स्वतंत्रता सेनानी थे।

  • Related Posts

    दक्षिण कोरिया के निर्माण स्थल पर आग लगने से चार लोगों की मौत, दो अस्वस्थ

    दक्षिण कोरिया के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर बुसान में शुक्रवार को एक निर्माण स्थल पर आग लगने के बाद दिल का दौरा पड़ने से चार लोगों की मौत हो गई और…

    अमेरिकी अदालत ने ट्रंप प्रशासन को रुकी हुई विदेशी सहायता फिर से शुरू करने का दिया आदेश

    अमेरिका में कोलंबिया डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के एक न्यायाधीश ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को रोकी गई विदेशी सहायता को फिर से शुरू करने का आदेश दिया।श्री ट्रम्प…