
चंबल का कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद है। उसके स्टेटमेंट से एक और खुलासा हुआ है। वह वसूली का पूरा पैसा मां को देता था। उसका मानना है कि मां उसके लिए भाग्यशाली है। यहां तक कि वह प्रॉपर्टी में इंवेस्टमेंट भी मां से पूछकर ही करता था। इंवेस्टमेंट का प्लान बनाता था। पुलिस को उसके मुरैना में मां और बहन के नाम पर 30 बीघा जमीन खरीदने का पता लगा है। पुलिस अब इस जमीन को लेकर जांच कर रही है।
जेल में नहीं आ रही नींद
जेल पहुंचते ही गुड्डा को विशेष निगरानी में ले लिया गया था। उसे को त्रिवेणी सेल में रखा गया है। यहां कुख्यात डकैतों को रखा जाता है। बड़े बदमाश भी इसी सेल के अंदर रहते हैं। गुड्डा को त्रिवेणी सेल की उस जगह रखा गया है, जहां 2 दरवाजे खोलने के बाद ही गुड्डा तक पहुंचा जा सकता है। जेल सूत्रों का कहना है कि गुड्डा की आंखों से नींद उड़ी हुई है। वह ठीक से सो नहीं रहा है। रातभर करवटें बदलता रहता है। अभी तक उसे खुले में सोने की आदत थी, इसलिए जेल की चारदीवारी में एडजस्ट नहीं हो पा रहा है।
गुड्डा के साथियों की तलाश
पुलिस ने डकैत गुड्डा के पकड़े जाने के बाद फरार हुए उसके साथी करुआ और अशोक यादव की तलाश शुरू कर दी है। ग्वालियर पुलिस भंवरपुरा से लेकर तिघरा तक जंगल छान रही है। इसके अलावा मुरैना पुलिस भी दोनों की तलाश में सर्च में लगी है।
शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा गया था
ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने एएसपी राजेश दंडौतिया के नेतृत्व में अभियान चलाकर बुधवार (9 नवंबर) की रात को घाटीगांव के भंवरपुरा-डाडा खिरक के बीच बसोटा के जंगल से गुड्डा गुर्जर को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था। दोनों ओर से सवा दो घंटे चली गोलियों के बीच भागते समय डकैत के पैर में गोली लगी थी। वह लंगड़ाते हुए भी फायर करता रहा। कुछ दूर भागने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर 60 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
गुड्डा के पास से 315 बोर की राइफल और कारतूस भी मिले हैं। दोनों ओर से पुलिस ने करीब 100 गोलियां चलने का दावा किया था। पर अगले दिन जब गोलियों का मिलान किया गया तो स्थिति साफ हुई है। पुलिस की ओर से 7 पुलिस अफसर व जवानों ने करीब सटीक 37 गोलियां चलाई। डकैतों की तरफ से 20 से 22 गोलियां चलाने की बात सामने आ रही है।
मां के करीब है डकैत गुड्डा
जब डकैत गुड्डा पुलिस के पास था तो पूछताछ में उसने कई बातें बताईं। करीब 4 पन्नों के बयान में उसने यह भी स्वीकार किया था कि वह खदान माफिया, चरवाहों, पंचायत चुनाव में वसूली के बाद पूरा पैसा बिना गिने अपनी मां को सौंप देता था। वह मां के काफी करीब था और मां को अपने लिए काफी भाग्यशाली मानता था। यही कारण है कि उसने मां के नाम से ही वसूली के पैसों से लाखों की जमीन खरीदी थी। पुलिस इस जमीन के संबंध में भी पता लगा रही है।
पढ़िए कैसे पकड़ाया डकैत गुड्डा गुर्जर…
उस परिवार की कहानी, जिस पर गुड्डा ने कहर ढाया: डर ऐसा कि भास्कर रिपोर्टर पर तान दी बंदूक, बोला-घर का पता कैसे मिला
चंबल का कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर अब जेल में है। उसने एक 19 साल के लड़के की हत्या कर अपराध की दुनिया में कदम रखा था। बात 21 साल पुरानी 2001 की है। 24-25 जनवरी की रात। जगह लोहगढ़ थी। लोहगढ़, मुरैना-ग्वालियर रोड पर जड़ेरुआ औद्योगिक पार्क के पीछे बसा एक छोटा सा गांव है। गुड्डा गुर्जर आया और उसने 19 साल के परशुराम के सिर में गोली मार दी।
गुड्डा गुर्जर जेल में; गुर्गों का खौफ
चंबल का कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर जेल में है, लेकिन बीहड़ों में उसके फरार साथी करुआ गुर्जर, भोला, कीटू गुर्जर का खौफ बरकरार है। पुलिस को आशंका है कि राजस्थान का कुख्यात इनामी डकैत केशव गुर्जर भी चंबल तक अपनी टैरेटरी बढ़ा सकता है। डकैत केशव यहां पनाह लेता रहा है। इधर गांव वालों की चिंता अपनी गाय-भैंसों को लेकर है, जो डकैतों के निशाने पर रहती हैं। डकैतों का यह नया ट्रेंड है, जिसमें वे मवेशी का अपहरण कर ले जाते हैं, फिर मीडिएटर के माध्यम से पनिहाई (मवेशियों के एवज में फिरौती राशि) वसूलते हैं। पनिहाई मिलते ही मवेशी छोड़ देते हैं।
इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर अरेस्ट
पुलिस ने चंबल के कुख्यात इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और डकैत गुड्डा की मुठभेड़ रात करीब 8 बजे ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर जंगल में हुई। ग्वालियर क्राइम ब्रांच की टीम ने फायर किए तो गुड्डा गुर्जर गैंग ने भी फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में डकैत गुड्डा के पैर में गोली लगी है। गुड्डा के 3 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
डकैत गुड्डा गुर्जर लंगड़ाता रहा, फिर भी बंदूक चलाता रहा
पुलिस ने चंबल के कुख्यात इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों ओर से 100 गोलियां चलीं। ये मुठभेड़ बुधवार रात 8 बजे ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर जंगल में हुई। डकैत गुर्जर के पैर में गोली लगी है। इसके बाद भी फायरिंग करता रहा। उसके 3 साथी भाग निकले।
डकैत ने गांववालों को पीटा, बोला-जमीन दो या फिर गांव छोड़ो
चंबल के कुख्यात और 65 हजार रुपए के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर ने चांचौल गांव के लोगों को गांव खाली करने की धमकी दी है। इस खबर की पुष्टि करने दैनिक भास्कर की टीम मुरैना शहर से लगभग 100 किमी दूर पहाड़गढ़ क्षेत्र के चांचौल गांव पहुंची। वहां बलवीर, नरेश गुर्जर सहित गांव के दर्जन भर ग्रामीणों ने इस बात को सच बताया। उन्होंने कहा कि डकैत ने उन्हें जमीन देने या फिर गांव खाली कर कहीं और बसने का फरमान सुनाया है।
गुड्डा के रिश्तेदार भी कम नहीं, 6000 फीट पाइपलाइन उखाड़ी; 60 परिवार संकट में
चंबल डकैत तो डकैत उसके रिश्तेदार भी सिर उठा रहे हैं। मामला मुरैना के चांचौल गांव का है। यहां 60 हजार के इनामी डकैत गुड्डा के रिश्तेदारों ने पाइपलाइन उखाड़ दी। इससे गांव की 100 बीघा जमीन की सिंचाई होती थी। चंबल में डकैत गुड्डा गुर्जर का टेरर तो है ही, उसके बलबूते रिश्तेदार भी आतंक मचा रहे हैं। रिश्तेदारों ने गांववालों का जीना मुश्किल कर रखा है। उन्होंने गुड्डा के साथ मिलकर खेतों में पगारा डैम से लाए गए पानी की 6 हजार फीट पाइपलाइन उखाड़ दी है। अब गांव के 60 परिवारों के खेतों में सिंचाई नहीं हो सकेगी। परेशान ग्रामीण गांव छोड़ने को मजबूर हैं।