—नागरिकों को परिवहन संबंधी सुविधाएं सरल और सुगम बनाने पर जोर
—ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली और अभिलेखों का लिया जायजा
नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरल, सुगम और समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन सचिव मध्यप्रदेश सड़क परिवहन मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीहोर जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और सेवाएं प्रदान करने में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान सचिव मनीष सिंह ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों और परिसर का अवलोकन कर परिवहन सेवाओं के संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यालयीन व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। उन्होंने कार्यालय में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने और कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यालय में संधारित किए जा रहे अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तावेजों का व्यवस्थित एवं उचित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कामकाज में सुव्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, जिससे नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ से चर्चा कर कामकाज के दौरान आने वाली समस्याओं और कार्यप्रणाली से संबंधित कठिनाइयों की जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्री रितेश तिवारी और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि नागरिकों से जुड़े कार्यों को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए। सेवाओं की प्रदायगी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के लिए कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव मनीष सिंह ने नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन परिवहन सेवाओं की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अधिकारियों से इन सेवाओं के संचालन और कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ लेने वाले नागरिकों को प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और परिवहन संबंधी सेवाएं सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचे नागरिकों से भी चर्चा की। उन्होंने उनसे परिवहन सेवाओं की प्रक्रिया, ऑनलाइन सुविधाओं और कार्यालय में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। नागरिकों से संवाद के माध्यम से उन्होंने सेवाओं की जमीनी स्थिति को समझने का प्रयास किया।




