कैंसर मरीजों को बड़ी राहत, इंदौर में पांच PET-CT स्कैन सेंटर शुरू

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ, भोपाल सहित चार अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार..

मध्यप्रदेश में गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है.. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के शासकीय एमवाय अस्पताल में पांच PET-CT स्कैन सेंटर का शुभारंभ किया.. कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.. सरकार अब भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा के मेडिकल कॉलेजों में भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित कर रही है.. मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है..

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पीपीपी मॉडल के तहत श्री अरबिंदो हॉस्पिटल के सहयोग से शासकीय महाराजा यशवंतराव अस्पताल के न्यू कैंसर हॉस्पिटल ब्लॉक में पांच PET-CT स्कैन सेंटर का शुभारंभ किया.. उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े..मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल, गजराराजा मेडिकल कॉलेज ग्वालियर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा में भी अत्याधुनिक PET-CT जांच केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं..

आयुष्मान योजना से उपचार हुआ सुलभ..
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं.. आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है.. आधुनिक जांच तकनीक से कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार की योजना बनाने में मदद मिलेगी..उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता, स्वास्थ्य और उद्योग के साथ सेवा एवं परमार्थ के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है.. आने वाले समय में इस केंद्र का विस्तार किया जाएगा और प्रदेश के अन्य जिलों तक भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी..

तीन महीने में रोबोटिक सर्जरी केंद्र की तैयारी..

अरबिंदो हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि अस्पताल के सहयोग से आगामी तीन महीनों में एमवाय अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी केंद्र स्थापित करने की योजना है.. मुख्यमंत्री ने PET-CT केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकों से मशीनों और जांच प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की..कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया और एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव सहित चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे..

नई तकनीक से मरीजों को मिलेगा लाभ.
PET-CT तकनीक कैंसर की पहचान, उसके फैलाव का आकलन और उपचार के प्रभाव की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.. सरकारी अस्पताल में इस सुविधा का विस्तार होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.. हालांकि मरीजों को वास्तविक राहत जांच की उपलब्धता, शुल्क, प्रतीक्षा अवधि और उपचार सुविधाओं पर निर्भर करेगी..

  • Related Posts

    मप्र में मोर संरक्षण की नई परियोजना, बड़नगर को फूड प्रोसेसिंग पार्क की सौगात!

    मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की कई घोषणाएं, नए सांदीपनि विद्यालय खुलेंगे, आलू प्रसंस्करण से 35 जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ.. मध्यप्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, कृषि आधारित उद्योग, शिक्षा और…

    चुनरी यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री ने मांगा समृद्धि का आशीर्वाद!

    इंदौर में बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक निकली विशाल चुनरी यात्रा, मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले—मां के दरबार में सभी समान.. शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर रविवार को इंदौर…

    Leave a Reply