ट्विषा शर्मा मौत मामले में CBI का सुप्रीम कोर्ट में बड़ा बयान, कहा- भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई मुश्किल

पूर्व जिला जज सास गिरिबाला सिंह के प्रभाव को लेकर जताई आशंका, मामले को मध्य प्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की मांग

भोपाल। पूर्व मॉडल ट्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर महत्वपूर्ण दावे किए हैं। जांच एजेंसी ने कहा है कि भोपाल में इस मामले की निष्पक्ष सुनवाई कराना मुश्किल हो सकता है। CBI के अनुसार, मामले की मुख्य आरोपी और ट्विषा की सास गिरिबाला सिंह का स्थानीय प्रभाव निचली अदालत में चल रही सुनवाई को प्रभावित कर सकता है। गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं।

गवाहों पर दबाव बनाने की आशंका जताई

CBI ने हलफनामे में आशंका जताई है कि गिरिबाला सिंह के प्रभाव के कारण गवाहों पर दबाव डाला जा सकता है और निचली अदालत की सुनवाई प्रभावित हो सकती है।

जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर घटनास्थल को अपने हिसाब से व्यवस्थित करने और सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। CBI के मुताबिक, ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जिनसे राज्य पुलिस की जांच में गिरिबाला सिंह के कथित हस्तक्षेप की बात सामने आती है।

ट्विषा के पिता ने दिल्ली में सुनवाई कराने की मांग की

ट्विषा शर्मा के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने इसके लिए दिल्ली को प्राथमिकता दी है।

उनका कहना है कि गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं और स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव के चलते निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने की आशंका है। CBI ने अपने हलफनामे में भी इसी तरह की आशंकाएं जताई हैं। ऐसे में अब मामले को मध्य प्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट का रुख महत्वपूर्ण होगा।

समर्थ और गिरिबाला सिंह के खिलाफ दाखिल हो चुकी है 636 पन्नों की चार्जशीट

इस मामले में CBI पहले ही आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। एजेंसी ने दोनों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप लगाए हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मॉडल ट्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। इस मामले में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया गया था। समर्थ पेशे से वकील हैं, जबकि उनकी मां पूर्व जिला जज रह चुकी हैं।

मध्य प्रदेश सरकार ने ट्विषा शर्मा की मौत के मामले की जांच CBI को सौंपने का फैसला किया था। अब जांच एजेंसी के हलफनामे और पिता की याचिका के बाद मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश से बाहर कराने की मांग पर सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।

  • Related Posts

    ‘हेरिटेज टू डेवलपमेंट’ का मोहन मॉडल ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’

    ‘हेरिटेज टू डेवलपमेंट’ का मोहन मॉडल ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में होगी मप्र सरकार की 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट स्लग—गांव,गौरव, विरासत और विकास का नया संगम…

    भगवान राम-कृष्ण पर बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- जोश में कई बार ऐसा कह जाते हैं

    भोपाल। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने…