उज्जैन के नामी होटल सॉलिटेयर के माखन भोग रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापामार कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाने सिंह देवलिया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जांच के दौरान किचन में कई अनियमितताएं मिलने की बात कही है। विभाग के मुताबिक, रेस्टोरेंट में बटर के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह उत्पाद मुख्य रूप से वेजिटेबल ऑयल और बटर फ्लेवर से तैयार होता है।
किचन में मिला फूड वेस्ट चैंबर, साफ-सफाई पर भी सवाल
जांच के दौरान रेस्टोरेंट के किचन के अंदर फूड वेस्ट चैंबर पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर अनियमितता माना है। इसके अलावा किचन में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली और खाद्य सामग्री के भंडारण को लेकर भी टीम ने आपत्ति जताई।
बासी दाल-चावल नष्ट, तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
कार्रवाई के दौरान मौके पर रखी बासी दाल और चावल को टीम ने नष्ट कराया। वहीं बटर, तेल और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
संचालक के खिलाफ कार्रवाई, लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेस्टोरेंट संचालक महेश वर्मा, निवासी पटेल नगर, के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की ओर से होटल के खाद्य लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।





