कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मध्य प्रदेश के गुना जिले में यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि नफरत फैलाना हिंदुत्व है। उनके इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा नेता विश्वास कैलाश सारंग ने दिग्विजय सिंह पर हिंदुत्व और सनातन धर्म को बदनाम करने का आरोप लगाया है।
दिग्विजय सिंह ने हिंदुत्व को लेकर क्या कहा?
दिग्विजय सिंह इन दिनों मध्य प्रदेश के उज्जैन से उत्तर प्रदेश के अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकाल रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान गुना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभी धर्मों का सम्मान करता है और पूरे विश्व के कल्याण की बात करता है।
उन्होंने कहा, “हमारा एक ही संदेश है। सनातन धर्म सभी धर्मों का सम्मान करता है और पूरे विश्व का कल्याण करता है। यही सनातन धर्म है। नफरत फैलाना हिंदुत्व है जो आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, सावरकर जी को अपना नेता मानकर करते हैं, जिन्होंने खुद कहा था कि हिंदुत्व का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।”
विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
दिग्विजय सिंह के बयान पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की यात्रा नफरत, बिखराव और विघटन फैलाने वाली है। सारंग ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे सनातन धर्म बदनाम हो और समाज में विभाजन पैदा हो।
सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह को हिंदू धर्म और हिंदुओं से परेशानी है। उन्होंने जाकिर नाइक का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा और कहा कि जाकिर नाइक के मंच पर जाकर उसका महिमामंडन करने वाले दिग्विजय सिंह को हिंदू खराब लगते हैं और जाकिर नाइक हीरो नजर आते हैं।
हिंदुत्व और सनातन को बदनाम करने का लगाया आरोप
विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह की यात्रा का उद्देश्य समाज को जोड़ना नहीं, बल्कि उसमें बिखराव पैदा करना है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है। सारंग ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता हिंदुओं के साथ-साथ हिंदू देवी-देवताओं को भी बदनाम कर रहे हैं।
उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही यात्रा
दिग्विजय सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ की शुरुआत की थी। इस पदयात्रा का नेतृत्व संत-महात्माओं का एक समूह कर रहा है। यात्रा उज्जैन से करीब 930 किलोमीटर की दूरी तय करके अयोध्या पहुंचेगी।
यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों का प्रसार करना बताया गया है। इस दौरान दिग्विजय सिंह लोगों के बीच सत्य और पारदर्शिता जैसे मूल्यों का प्रचार करेंगे। इसके अलावा धार्मिक स्थलों पर दान में पारदर्शिता, धन के दुरुपयोग के मामलों की निष्पक्ष जांच और वोट चोरी जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे।




