मंदसौर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से गर्भवती महिला और उसकी बहन की मौत, पति-बेटी घायल

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पांच महीने की गर्भवती महिला और उसकी छोटी बहन की मौत हो गई। वहीं, महिला का पति और डेढ़ साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

दूधाखेड़ी माता के दर्शन कर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के नाग गुराड़िया निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सपना, डेढ़ साल की बेटी सोमिया और साली राधा के साथ बाइक से दूधाखेड़ी माता के दर्शन करने पहुंचे थे। बुधवार को दर्शन करने के बाद चारों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:20 बजे गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के नजदीक मंदसौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में पांच महीने की गर्भवती सपना और उसकी बहन राधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अर्जुन और उसकी मासूम बेटी सोमिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद करते हुए घायल अर्जुन और उसकी डेढ़ साल की बेटी को गरोठ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।

घटना की जानकारी मिलते ही गरोठ पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शव अस्पताल भिजवाए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच

घायल अर्जुन ने बताया कि परिवार दूधाखेड़ी माता के दर्शन करने के बाद नाग गुराड़िया स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गरोठ के आठ लेन से जुड़े कनेक्टिंग फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

गरोठ थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के निर्देश पर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

  • Related Posts

    MP Police Bharti 2026: आरक्षक भर्ती के आवेदन फिर शुरू, 16 नवंबर तक मिलेगा मौका; जानें कौन कर सकता है अप्लाई

    By: Ravindra Singh भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (GD) भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने कुछ…

    ग्वालियर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: दिनदहाड़े फायरिंग में पिता-पुत्र की मौत, गांव में तनाव

    By: Ravindra Singh ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद दो लोगों की जान ले गया। मुरार थाना क्षेत्र…