मुरैना में पुलिस का शॉर्ट एनकाउंटर: 80 हजार का इनामी कल्ली गुर्जर पैर में गोली लगने से घायल, साथी समेत गिरफ्तार

By: Ravindra Singh

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार को मुठभेड़ हो गई। बानमोर थाना पुलिस ने ललितपुरा के जंगल में कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये के इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी अजय गुर्जर को भी पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो रायफल और एक पिस्टल समेत तीन हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उनके अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर ललितपुरा के जंगल में पुलिस ने दी दबिश

पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ पहाड़ी गांव के पीछे ललितपुरा के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बानमोर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना बदमाशों से हो गया।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में कल्ली घायल

पुलिस के अनुसार, जवानों को सामने देखकर बदमाशों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने जवाब में लगभग छह राउंड फायर किए। इसी दौरान पुलिस की गोली कल्ली गुर्जर के पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे घायल अवस्था में देखकर उसके अन्य साथी जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिस ने मौके से कल्ली गुर्जर को पकड़ लिया और उसके सहयोगी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया।

तीन जिलों में दर्ज हैं 19 आपराधिक मामले, तीन हथियार बरामद

एसपी धर्मराज मीणा ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, अपहरण, हत्या और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। उसके सिर पर 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो रायफल और एक पिस्टल बरामद की है। मुठभेड़ के बाद घायल कल्ली गुर्जर और गिरफ्तार अजय गुर्जर को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया है। वहीं, जंगल से फरार हुए अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

Related Posts

दीपावली पर सभी व्यवस्थाएं रहें चाक-चौबंद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर्व को देखते हुए प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने…

जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की जांच रिपोर्ट एक महीने में मांगी

जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन और उनके खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई का मामला लगातार चर्चा में है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच कर रही…

Leave a Reply