भोपाल में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, लूट के लिए सोने का दांत तक उखाड़ ले गए बदमाश; इलाके में सनसनी

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वाजपेयी नगर मल्टी स्थित फ्लैट में रहने वाली 75 वर्षीय कलरी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया और महिला के सोने के गहनों के साथ उनके नकली दांत में लगा सोना भी निकालकर ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सुबह खुला मिला फ्लैट का दरवाजा, अंदर पड़ा था महिला का शव

जानकारी के अनुसार, कलरी देवी अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा। किसी अनहोनी की आशंका होने पर वह अंदर पहुंची तो बुजुर्ग महिला का शव पड़ा मिला। उनके गले पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था। यह दृश्य देखकर पड़ोसियों में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हमलावर महिला के गहने लूटकर ले गए। वारदात के दौरान उनके मुंह से सोने का दांत भी उखाड़ लिया गया। पुलिस इस घटना को लूट के बाद हत्या के मामले के रूप में देखते हुए जांच कर रही है।

चार बेटियां और एक बेटा, घटना के समय घर पर नहीं था बेटा

परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, कलरी देवी की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा मूक-बधिर है और सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। घटना के समय बेटे की नाइट ड्यूटी थी, जिसके चलते वह घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

करीबियों पर शक, CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घर में संघर्ष के निशान मिलने की बात भी सामने आई है।

पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि महिला के नकली दांत में सोना होने की जानकारी आरोपियों को कैसे मिली। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनके गहनों के बारे में किसे जानकारी थी। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

फिलहाल हत्या और लूट दोनों पहलुओं से जांच जारी है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए स्थानीय स्तर पर पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।

  • Related Posts

    रिटायरमेंट से पहले विवादों में डीजीपी कैलाश मकवाना, हार्टफुलनेस एमओयू पर उठे सवाल

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय और हार्टफुलनेस संस्थान के बीच हुए एक समझौते को लेकर प्रशासनिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। राज्य के डीजीपी कैलाश मकवाना…

    ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना निकली फर्जी, भिंड से युवक ने किया था हॉक्स कॉल

    By: Ravindra Singh ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए स्टेशन…

    Leave a Reply