मध्य प्रदेश में 9 महीने में बढ़े 8.90 लाख मतदाता, वोटर्स की संख्या 5.48 करोड़ के पार

भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले नौ महीनों के दौरान मतदाताओं की संख्या में करीब 8.90 लाख का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 48 लाख से अधिक हो गई है। 12 नवंबर 2026 को जारी मसौदा मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) में यह आंकड़ा सामने आया है। इससे पहले फरवरी में विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में 5.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे।

नौ महीने में जुड़े करीब 8.90 लाख नए मतदाता

21 फरवरी 2026 को प्रकाशित SIR की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार मध्य प्रदेश में कुल 5,39,81,065 मतदाता थे। वहीं, 12 नवंबर को जारी मसौदा सूची में यह संख्या बढ़कर 5,48,71,158 हो गई है। इस तरह करीब नौ महीने के भीतर मतदाता सूची में 8,90,093 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि SIR के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। कांग्रेस ने पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। वहीं, भाजपा ने प्रक्रिया का समर्थन करते हुए इसे मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरे नाम वाले मतदाताओं की पहचान के लिए जरूरी बताया था।

प्रदेश में पुरुषों की संख्या महिलाओं से अधिक

12 नवंबर को जारी ड्राफ्ट रोल के आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में 5,47,99,628 सामान्य मतदाता और 71,530 सर्विस वोटर शामिल हैं। सामान्य मतदाताओं में पुरुषों की संख्या 2,82,85,144 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2,65,13,547 दर्ज की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 937 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में शामिल हैं।

SIR के दौरान 23 दिसंबर 2025 को जारी प्रारंभिक मसौदा सूची से करीब 42.7 लाख नाम हटाए गए थे। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में 8.49 लाख मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल किए गए। 21 फरवरी को प्रकाशित अंतिम सूची में कुल 34.25 लाख मतदाताओं के नाम कम हुए थे।

4 जनवरी 2027 को आएगी अंतिम मतदाता सूची

प्रदेश में अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत पात्र मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने, सूची में दर्ज विवरण में सुधार कराने और गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके लिए 21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मध्य प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

  • Related Posts

    इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग गिरने पर जीतू पटवारी का हमला, बोले- महापौर और नगर निगम परिषद की अक्षमता आई सामने

    जहरीले पानी से मौतों और चैंबर हादसों को लेकर जिम्मेदारों से मांगा जवाब, शहरवासियों से माफी मांगने की कही बात अवैध शराब के कारोबार पर मुख्यमंत्री को दी चुनौती, बोले-…

    महाकाल मंदिर में विधायक पुत्र की रील बनाने पर बड़ा एक्शन, सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना; तीन गार्ड बर्खास्त

    उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के बावजूद रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है।…

    Leave a Reply