By: Ravindra Singh
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में हुए ऑक्सीजन टैंकर विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में धमाके की भयावहता साफ नजर आ रही है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की बाउंड्रीवॉल टूट गई, आसपास के पेड़ उखड़ गए और खड़ी कारों के शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि हादसे के समय फैक्ट्री में छुट्टी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।
शिवा फैक्ट्री में खड़े ऑक्सीजन टैंकर में हुआ जोरदार विस्फोट
यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया की है। यहां स्थित शिवा कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट फैक्ट्री में खड़े एक ट्रक के ऑक्सीजन कैप्सूल टैंकर में शुक्रवार दोपहर अचानक धमाका हो गया। विस्फोट की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की जानकारी सामने आई है। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज में विस्फोट के बाद हुए नुकसान की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।
कारों के शीशे टूटे, फैक्ट्री की दीवार और पेड़ों को नुकसान
धमाके का असर फैक्ट्री परिसर के साथ आसपास के इलाके में भी देखने को मिला। विस्फोट की तीव्रता से फैक्ट्री की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास लगे पेड़ उखड़ गए। आसपास खड़ी कई कारों के शीशे टूट गए। इतना ही नहीं, आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच भी चकनाचूर हो गए। धमाके से डरे हुए गौवंश सड़कों पर दौड़ते नजर आए।
छुट्टी के कारण टली बड़ी जनहानि, ब्लास्ट की वजह का इंतजार
हादसे के वक्त फैक्ट्री में छुट्टी होने के कारण कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इसी वजह से इतना भीषण विस्फोट होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फैक्ट्री और आसपास की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल टैंकर में विस्फोट होने की असली वजह सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों और गैस टैंकरों के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




