बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए जिंदगी की एक गहरी बात साझा की है। उन्होंने इंसान की इच्छाओं और जीवन की बदलती परिस्थितियों पर विचार करते हुए बताया कि जब किसी के पास कुछ नहीं होता, तब वह बहुत कुछ पाने की चाह रखता है। लेकिन जब ईश्वर की कृपा से जरूरत से ज्यादा मिलने लगता है, तो उसे संभालना मुश्किल हो जाता है। बिग बी की इस पोस्ट को जीवन के अनुभवों से जुड़ा एक बड़ा सबक माना जा रहा है।
‘जब नहीं मिलता था तो मांगते थे, अब मिल रहा है तो रखेंगे कहां?’
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘जब नहीं मिलता था तो मांगते थे। कुछ भी मिल जाए, बस मिल जाए! अब जब ईश्वर की कृपा से मिल रहा है तो कह रहे हैं, इतना मिल गया है, रखेंगे कहां?’ उन्होंने आगे कहा कि जीवन का बड़ा सच यही है कि जब कुछ नहीं होता तो इंसान मांगता रहता है, लेकिन तब उसे मिलता नहीं। वहीं, जब बिना मांगे मिलने लगता है तो व्यक्ति सोचने लगता है कि उसने मांगा तो था, लेकिन इतना नहीं।
दुनिया आपके कहने से नहीं चलती: अमिताभ
बिग बी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि दुनिया किसी के कहने के मुताबिक नहीं चलती। व्यक्ति चाहे कुछ भी कहे, दुनिया अपनी गति से आगे बढ़ती रहती है। उन्होंने संदेश दिया कि अवसर मिले तो दौड़कर उसे हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि मौका हाथ से निकल गया तो फिर पछताना पड़ सकता है। अपने चिर-परिचित हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा कि अब वह नींद पकड़ने जा रहे हैं।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के सेट पर लौटे बिग बी
इस बीच अमिताभ बच्चन एक बार फिर ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के सेट पर नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के चलते कुछ समय के ब्रेक के बाद उन्होंने शो की शूटिंग शुरू की है। शो के एक वीडियो में वह पूरे उत्साह के साथ सेट पर पहुंचते दिखाई दिए। एक प्रतियोगी ने जब उनसे उनकी तबीयत के बारे में पूछा तो बिग बी ने मजाकिया अंदाज में उसी से उसका हाल पूछ लिया। प्रतियोगी के ठीक होने की बात कहने पर उन्होंने जवाब दिया, ‘अगर आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं।’
अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों से मिले प्यार, दुआओं और आशीर्वाद के लिए उनका आभार भी जताया। उनकी ब्लॉग पोस्ट और शो में वापसी की झलक से प्रशंसकों के बीच खुशी देखने को मिल रही है।






