भोपाल। राजधानी भोपाल के एक होटल में फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक हिंदू युवती को अपने साथ होटल लेकर पहुंचा था और युवती के आधार कार्ड में कथित तौर पर बदलाव कर उसका नाम ‘रुबीना बी’ कर दिया गया था। इसी दस्तावेज के आधार पर होटल में कमरा बुक कराने की बात सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे, जहां युवक और युवती ने बचने के लिए खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
बजरंग दल के पहुंचने पर खिड़की से कूदे युवक-युवती
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर की शाम दोनों होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली और वे होटल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं को देखकर युवक और युवती ने होटल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। दोनों नीचे लगे टीन शेड पर पहुंचे और वहां से निकलकर भागने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि करीब 50 मीटर आगे रास्ता समाप्त होने और आगे गिरने का खतरा दिखाई देने पर दोनों वापस लौट आए।
फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल की पुलिस कर रही जांच
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि युवती के मूल आधार कार्ड में एडिटिंग करके मुस्लिम नाम से फर्जी पहचान पत्र तैयार किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आधार कार्ड में कथित बदलाव किसने किया और होटल में कमरा लेने के लिए इसका इस्तेमाल कैसे हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटनाक्रम से जुड़े तीन वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल में दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे में युवक और युवती खिड़की से नीचे उतरकर भागने की कोशिश करते नजर आते हैं। तीसरे वीडियो में कार्यकर्ता युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना 12 नवंबर की बताई जा रही है, जबकि वीडियो 14 नवंबर को सामने आए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने, उसके इस्तेमाल और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




