By: Ravindra Singh
दतिया के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक सड़क हादसा हो गया। अब्बास ढाबा के सामने तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार आर्मी जवान को मामूली चोटें आईं। राहत की बात रही कि उसकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
ड्यूटी पर जबलपुर जा रहा था जवान
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के पलवल निवासी आर्मी जवान पंकज कुमार अपनी कार से ड्यूटी के लिए जबलपुर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे जब उनकी कार अब्बास ढाबा के सामने पहुंची, तभी वाहन का एक्सल अचानक टूट गया।
एक्सल टूटने से बेकाबू होकर पलटी कार
एक्सल टूटते ही तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि जवान को संभलने का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने जवान को कार से बाहर निकाला
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और कार में फंसे जवान को बाहर निकाला। दुर्घटना में पंकज कुमार को मामूली चोटें आई हैं। समय रहते मदद मिलने से उनकी जान बच गई। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।




