Happy Birthday Rohit Sharma: ‘हिटमैन’ के वो रिकॉर्ड्स, जिन्‍हें तोड़ना नामुमकिन

नई दिल्‍ली: रोहित शर्मा मंगलवार को अपना 32वां जन्‍मदिन मना रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि रोहित मौजूदा पीढ़ी के सबसे गिफ्टेड बल्‍लेबाज हैं। सीमित ओवर क्रिकेट में वह टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाडि़यों में से एक हैं। हालांकि, टेस्‍ट टीम में उनकी जगह स्‍थायी नहीं है। बहरहाल, रोहित शर्मा बेहतरीन बल्‍लेबाज हैं और उनकी स्‍टाइल बेमिसाल है। चलिए रोहित के जन्‍मदिन के मौके पर हम आपको हिटमैन के कभी न टूटने वाले रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं।

# सबसे तेज टी20 अंतरराष्‍ट्रीय शतक – टी20 अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक जमाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के साथ संयुक्‍त रूप से शीर्ष पर काबिज हैं। शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में इंदौर के होल्‍कर स्‍टेडियम में 35 गेंदों में शतक जमाया था। हिटमैन ने इस दौरान 12 चौके और 10 छक्‍के जमाए थे। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 23 गेंदों में अर्धशतक जमाया और फिर अगली 12 गेंदों में दूसरा अर्धशतक जमाया।

# एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने का रिकॉर्ड – अगर रोहित शर्मा अपनी लय में हो तो गेंदबाजों की खैर नहीं। ‘हिटमैन’ के लिए साल 2017 बेहतरीन रहा। उन्‍होंने अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में एक साल में कुल 65 छक्‍के जड़े और नया विश्‍व रिकॉर्ड स्‍थापित किया। शर्मा ने वन-डे में 46, टी20 अंतरराष्‍ट्रीय में 16 और टेस्‍ट में तीन हवाई फायर किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज था। फिर अगले साल रोहित शर्मा ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2018 में भारतीय ओपनर ने 69 अंतरराष्‍ट्रीय छक्‍के जमाए।

# वन-डे की एक पारी में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज – 13 नवंबर 2014 का दिन कोई भारतीय क्रिकेट फैन शायद ही भूले। कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स पर रोहित शर्मा नाम की आंधी आई थी। श्रीलंकाई टीम इस आंधी में उड़ी थी। रोहित ने इतिहास रचते हुए 173 गेंदों में 264 रन की अविश्‍वसनीय पारी खेली थी। इस दौरान उन्‍होंने 33 चौके और 9 छक्‍के जमाए थे। वन-डे की एक पारी में सबसे ज्‍यादा व्‍यक्तिगत स्‍कोर बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा ने अपने नाम किया।

# वन-डे में सबसे ज्‍यादा दोहरे शतक जमाने का रिकॉर्ड – सचिन तेंदुलकर ने वन-डे इतिहास का पहला दोहरा शतक जमाया था। तब लगा था कि इस रिकॉर्ड को तोड़ना मुश्किल होगा क्‍योंकि वन-डे में दोहरा शतक जमाना कभी आसान नहीं लगा। मगर रोहित शर्मा के क्‍या कहने। उन्‍होंने एक नहीं दो नहीं बल्कि तीन-तीन बार यह कमाल करके दिखाया है। रोहित विश्‍व में एकमात्र बल्‍लेबाज हैं, जिन्‍होंने वन-डे क्रिकेट इतिहास में तीन दोहरे शतक जमाए हो। रोहित ने सबसे पहले ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में दोहरा शतक जमाया था। तब उन्‍होंने 12 चौके और 16 छक्‍के की मदद से 209 रन बनाए थे। इसके बाद 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 और फिर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ ही नाबाद 208 रन की पारी खेली। वाकई रोहित शर्मा अद्भुत बल्‍लेबाज हैं।

# वन-डे में सबसे ज्‍यादा 150 या इससे ज्‍यादा का स्‍कोर – 2017 में रोहित शर्मा एक विशेष लिस्‍ट के टॉपर बने। इस लिस्‍ट में सचिन तेंदुलकर और डेविड वॉर्नर जैसे धाकड़ बल्‍लेबाजों के नाम शामिल हैं। रोहित वन-डे क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा 150 या इससे अधिक रन बनाने वाले बल्‍लेबाज बने। पिछले पांच सालों में रोहित ने पांच बार 150 या इससे अधिक का स्‍कोर बनाया है। भारतीय ओपनर ने ऑस्‍ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ दो-दो जमाए, जबकि 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 150 से अधिक का स्‍कोर बनाया था।

# लगातार सात वन-डे सीरीज में शतक – रोहित शर्मा ने हमवतन और कप्‍तान विराट कोहली को पीछे छोड़कर लगातार सात वन-डे सीरीज में शतक जमाने का रिकॉर्ड बनाया। ‘हिटमैन’ ने बांग्‍लादेश, ऑस्‍ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, न्‍यूजीलैंड और इंग्‍लैंड के खिलाफ शतक जमाए।

  • Related Posts

    शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का निधन, जैत गांव में दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

    भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस, साकेत नगर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर ले जाया जाएगा पैतृक गांव भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता…

    नौसेना को मिलेंगे 8 नए स्टेल्थ युद्धपोत, केंद्र ने दी 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना को मंजूरी

    प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति का फैसला, GRSE और गोवा शिपयार्ड करेंगे निर्माण नई दिल्ली। भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने…