दक्षिण चीन सागर में अमेरिका संग भारत और जापान ने किया सैन्य अभ्यास

टोक्यो । अमेरिका, भारत, जापान और फिलीपींस ने दक्षिण चीन सागर में चीन के दावे वाले जलमार्ग क्षेत्र में संयुक्त नौसेना अभ्यास कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। इस सैन्य अभ्यास में अमेरिका का विध्वंसक पोत, भारत के दो युद्धपोत, जापान का विमानवाहक पोत और फिलीपींस का गश्ती पोत शामिल हुए। चारों देश इसी तरह का सैन्य अभ्यास इस क्षेत्र में पहले भी कर चुके हैं जिस पर चीन ने नाराजगी जताई थी।

अमेरिकी नौसेना के कमांडर एंड्रयू जे क्लग ने गुरुवार को कहा, ‘यह पेशेवर जुड़ाव क्षेत्र में हमारे सहयोगियों, साझीदारों और मित्र देशों के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ करने का अवसर है।’ क्लग अमेरिकी विध्वंसक पोत यूएसएस विलियम पी लॉरेंस के कैप्टन हैं। एक हफ्ते चला नौसैनिक अभ्यास बीते बुधवार को समाप्त हुआ। इसमें जापान ने अपने दो बड़े विमानवाहक युद्धपोतों में से एक इजुमो को भेजा था। जबकि भारत के विध्वंसक पोत आइएनएस कोलकाता और टैंकर आइएनएस शक्ति ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया।

इस युद्धाभ्यास के दौरान ही बीते सोमवार को अमेरिका के दो अन्य युद्धपोत दक्षिण चीन सागर में चीन के दावे वाले द्वीपों के पास से गुजरे थे। चीन ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह उसकी संप्रभुता का उल्लंघन है। इसके जवाब में अमेरिकी नौसेना ने कहा था कि वह दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में स्वतंत्र आवाजाही के लिए इस तरह के अभियान करती रहती है।

पूरे दक्षिण चीन सागर पर चीन का दावा

चीन लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता है। जबकि इस क्षेत्र के देशों ब्रुनेई, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, ताइवान और वियतनाम भी इस पर अपना-अपना दावा करते हैं।

  • Related Posts

    स्पेन में भीषण रेल हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 46 लोगों की मौत की खबर

    मैड्रिड के दक्षिणी क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा यूरोपीय देश स्पेन में बुधवार को एक भीषण रेल हादसे की खबर सामने आई है। मैड्रिड के दक्षिणी क्षेत्र में दो हाई-स्पीड…

    इंदौर की स्कीम नंबर 171 के रहवासियों ने एयरपोर्ट पर CM मोहन यादव से की मुलाकात, प्लॉट की समस्या के समाधान की मांग

    करीब 6 हजार लोग परेशान, वर्षों पहले पूरी रकम जमा करने के बावजूद नहीं मिला समाधान इंदौर। स्कीम नंबर 171 में प्लॉट की समस्या से परेशान रहवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ.…