Madhya Pradesh BJP का दावा, विधायकों को प्रलोभन दे रही है कांग्रेस

भोपाल। भाजपा के कई विधायकों ने संगठन से शिकायत की है कि कांग्रेस उन्हें प्रलोभन देकर संपर्क कर रही है। यह दावा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने किया है। सिंह गुरुवार को भाजपा के सदस्यता अभियान की बैठक में शामिल होने भोपाल आए थे।

मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक में सभी विधायकों को बुलाया गया था, जो नहीं आए हैं, उन्होंने पहले से न आने की सूचना दे दी थी। प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि सदस्यता अभियान ठीक गति से चल रहा है और जहां लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है, जल्द पूरा कर लेंगे।

पार्टी नौ से 11 अगस्त के बीच विशेष अभियान चलाएगी। विधानसभा में हुए मत विभाजन में कांग्रेस का साथ देने वाले भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कोल बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक को संगठन महामंत्री सुहास भगत और सदस्यता प्रभारी अरविंद भदौरिया ने भी संबोधित किया। सदस्यता के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने मोबाइल से बैठक को संबोधित किया।

सक्रिय सदस्यता अब 12 से होगी

भाजपा के सदस्यता अभियान में सभी नेताओं को एक साथ जुटने का निर्देश संगठन ने दिया है। संगठन ने सदस्यता अभियान को अब 11 अगस्त तक बढ़ाया है। इसी दौरान नौ से 11 अगस्त तक तीन दिन का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें पार्टी के सारे जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल होंगे। 12 से सक्रिय सदस्यता प्रारंभ की जाएगी। प्रदेश में ढाई लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

सदस्यता के 31 लाख फॉरमेट आए

बैठक में सभी जिलों ने सदस्यता की मौजूदा स्थिति पर प्रजेंटेशन दिया। अब तक प्रदेश भर से 31 लाख फॉरमेट पार्टी को मिल गए हैं, जिसका डाटा एंट्री का काम पांच अगस्त तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। पार्टी ने 50 लाख से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

अपील समिति बनाई

पार्टी ने सक्रिय सदस्यता के लिए एक प्रदेश स्तरीय अपील समिति बना दी है, जिसकी कमान उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल के पास होगी। समिति में वीरेंद्र खटीक और माया सिंह भी शामिल किए गए हैं। इसी तरह हर जिले में भी सदस्यता के विवाद के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाई जाएगी। इसमें एक सदस्य प्रदेश का होगा।

त्रिपाठी-कोल सहित 13 विधायक नहीं आए बैठक में

सदस्यता की बैठक में भाजपा के बागी विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कोल सहित 13 विधायक शामिल नहीं हुए। इनमें ओम सकलेचा, चेतन काश्यप, राजेंद्र पांडे, गायत्री पवार, आशीष शर्मा, नागेंद्र सिंह, पंचुलाल प्रजापति, बृजेंद्र प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, नरोत्तम मिश्रा और विष्णु खत्री शामिल हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि जो लोग नहीं आए हैं, उन्होंने सूचना दी थी। कुछ का स्वास्थ्य खराब है तो कुछ बाहर होने के कारण नहीं आ पाए हैं।

तेजी आएगी

अब सारे विधायक फ्री हो गए हैं, इसलिए सदस्यता अभियान में तेजी आएगी। सभी को एक बार फिर सदस्यता का लक्ष्य हासिल करने के लिए सक्रिय होने को कहा गया है। पार्टी आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लेगी।

– अरविंद भदौरिया, प्रदेश सदस्यता प्रभारी

  • Related Posts

    साइबर अपराधी आटो चालक&डिलीवरी ब्‍वाॅय का काम करने वाले युवाओं का इस्तेमाल कर रहे

    इंदौर साइबर अपराधी आटो चालक-डिलीवरी ब्‍वाॅय का काम करने वाले युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। राजेंद्रनगर पुलिस ने सिंडिकेट से जुड़े तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज…

    2028&29 तक सकल घरेलू उत्पाद दोगुना करने का लक्ष्य : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

    भोपाल मध्‍यप्रदेश का सकल घरेलू उत्‍पाद वर्ष 2024-25 प्रचलित भावों पर रूपये 1503395 करोड़ पहुंच गया है, जो वर्ष 2023-24 में रूपये 1353809 करोड़ था। पिछले वित्‍तीय वर्ष से 11.05…