Congress Seva Dal : भोपाल में खुलेगी कांग्रेस सेवादल की दूसरी अकादमी

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तरह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल प्रदेश में प्रशिक्षण अकादमी खोलने जा रहा है। इसके लिए भोपाल में जमीन चिह्नित कर ली गई है। जमीन आवंटन की प्रक्रिया जारी है। सेवादल अकादमी में न केवल सेवादल, बल्कि कांग्रेस व उसके आनुषांगिक संगठनों के प्रशिक्षण भी होंगे। अकादमी में प्रशिक्षणार्थियों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था भी है, जो सर्वसुविधायुक्त होगा। सूत्रों के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल द्वारा अकादमी खोले जाने का प्रस्ताव प्रदेश इकाई के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजा गया था।

अकादमी के लिए भोपाल में राजाभोज विमानतल के पास, नाथू बरखेड़ा और अवधपुरी के पास जमीन चिह्नित की गई है। इनमें से किसी एक स्थान पर सैद्धांतिक रूप से आवंटन के लिए सहमति बन गई है। इसके लिए पांच से सात एकड़ जमीन का आवंटन होना है, जिसमें प्रशासनिक भवन के साथ प्रशिक्षण स्कूल व हॉस्टल के साथ परेड मैदान भी बनाया जाएगा।

दिसंबर के पहले जमीन आवंटन

बताया जाता है कि मप्र कांग्रेस सेवादल राज्य सरकार से जल्द जमीन आवंटन कराने की कोशिश कर रहा है। पांच दिसंबर को भोपाल में होने वाले कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय कैंप के पहले प्रक्रिया पूरी कराने के प्रयास हैं, ताकि कैंप का आयोजन यहीं हो सके। उल्लेखनीय है कि अभी गुजरात में कांग्रेस सेवादल की एक अकादमी है, जो काफी पुरानी है। उसके अलावा सेवादल की देश में कहीं दूसरी अकादमी नहीं है।

अकादमी में यह होगा

कांग्रेस सेवादल की प्रस्तावित अकादमी में करीब 100 प्रशिक्षणार्थियों को एक साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। सेवादल के प्रदेश कार्यकर्ताओं को ही नहीं कांग्रेस के अन्य आनुषांगिक संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। कांग्रेस के प्रवक्ताओं को भी समय-समय पर अकादमी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों को भी इस ट्रेनिंग में आमंत्रित किया जाएगा। बताया जाता है कि अकादमी में दूसरे राज्यों के कांग्रेसजनों की ट्रेनिंग भी करवाई जा सकेगी।

आरएसएस से तुलना मगर प्रशिक्षण व्यवस्था नहीं

कांग्रेस का सेवादल संगठन अनुशासन के लिए जाना जाता रहा है, जो स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देता है। हालांकि यह कांग्रेस के आयोजनों में व्यवस्था बनाने तक ही सीमित रह गया है। इसकी तुलना आमतौर से आरएसएस की जाती है, लेकिन आरएसएस की प्रशिक्षण व्यवस्था जैसा सिस्टम सेवादल के पास नहीं है। इससे सेवादल कुछ सालों में कमजोर हुआ है।

भोपाल में खुलेगी अकादमी

अभा कांग्रेस सेवादल ने भोपाल में अकादमी खोलने का फैसला किया है, जिसके लिए राज्य सरकार से जमीन मांगी गई है। सेवादल की देश में दूसरी अकादमी होगी, जिसमें सेवादल ही नहीं कांग्रेस आनुषांगिक संगठनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी हो सकेंगे। – सत्येंद्र यादव, अध्यक्ष, मप्र कांग्रेस सेवादल

Related Posts

ग्वालियर में दारुल कुरआन मदरसे की जमीन पर उठे सवाल, ‘मस्जिद नजूल’ एंट्री की होगी जांच

By: Ravindra Singh ग्वालियर। दारुल कुरआन मदरसे से 26 बच्चों को रेस्क्यू किए जाने के बाद अब AG ऑफिस परिसर के पास स्थित मस्जिद और मदरसे की जमीन को लेकर…

बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान: ‘हिंदुओं को मुसलमानों और ईसाइयों से नहीं, हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’

मां पीतांबरा पीठ पहुंचकर की पूजा-अर्चना दतिया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे दतिया स्थित विश्वविख्यात मां पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां…