
नई दिल्ली । अजय देवगन की ‘तानाजी- द अनसंग वॉरियर’ ने बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ की जंग जीत ली है। फ़िल्म ने रिलीज़ के 15वें दिन यह अहम पड़ाव पार कर लिया। इतना ही नहीं, तानाजी आज (शनिवार) अजय के करियर की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन जाएगी। निश्चित रूप से अजय देवगन और इंडस्ट्री के लिए साल 2020 की शानदार शुरुआत है। तानाजी इस क्लब में साल की पहली एंट्री है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार शाम को ही तानाजी ने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली थी। फ़िल्म ने तीसरे शुक्रवार को 5.38 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ तानाजी जी का नेट कलेक्शन 202.83 करोड़ पर पहुंच चुका है। अजय देवगन के करियर की यह दूसरी डबल सेंचुरी है। 2017 में आयी गोलमाल अगेन ने 205.72 करोड़ का कलेक्शन किया था, जिसके साथ अजय को इस क्लब की मेंबरशिप मिली थी। गोलमाल अगेन दिवाली के मौक़े पर रिलीज़ हुई थी, जबकि तानाजी नॉन-हॉलीडे रिलीज़ है। शनिवार को तानाजी, गोलमाल अगेन को पीछे छोड़ देगी।
200-300 करोड़ के बीच फ़िल्मों की संख्या- इस ब्रैकेट में कुल 15 फ़िल्में हैं। सबसे अधिक फ़िल्में अक्षय कुमार और सलमान ख़ान की हैं।
अक्षय कुमार-3
सलमान ख़ान- 3
अजय देवगन-2
आमिर ख़ान-2
शाह रुख़ ख़ान- 2
रणवीर सिंह- 1
शाहिद कपूर- 1
विक्की कौशल- 1
तीसरे हफ़्ते में स्ट्रीट डांसर और पंगा की चुनौती
तानाजी के लिए तीसरा हफ़्ता चुनौतीभरा है, क्योंकि शुक्रवार से इसके सामने दो बड़ी फ़िल्में रिलीज़ हो चुकी हैं। वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की स्ट्रीट डांसर 3डी और कंगना रनोट की पंगा। इन दोनों ही फ़िल्मों को समीक्षकों ने अच्छे नंबर दिये हैं। स्ट्रीट डांसर देशभर में 2डी और 3डी फॉर्मेट में 3700 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है, जबकि पंगा को 1450 स्क्रींस मिली हैं। ऐसे में तानाजी की स्क्रींस की संख्या काफ़ी कम हो जाएगी, जिसका असर कलेक्शंस पर भी पड़ेगा।
दूसरे हफ़्ते में तानाजी को मिले 78 करोड़
गुरुवार (23 जनवरी) को तानाजी ने दो हफ़्ते पूरे किये। दूसरे हफ़्ते में तानाजी की 2000 स्क्रींस ही रह गयी थीं। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 10.06 करोड़, शनिवार को 16.36 करोड़ और रविवार को 22.12 करोड़ जमा किये थे। इसके बाद सोमवार को 8.17 करोड़, मंगलवार को 7.72 करोड़, बुधवार को 7.09 करोड़ और गुरुवार को 7.02 करोड़ बटोरे थे। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने 78.54 करोड़ का कलेक्शन किया।
पहले हफ़्ते में मिले 118 करोड़
10 जनवरी को 3800 से अधिक स्क्रींस पर 2डी और 3डी में देशभर में रिलीज़ हुई तानाजी को 15.10 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग मिली थी, जो उम्मीद से भी अधिक थी। पहले शनिवार को फ़िल्म ने 20.57 करोड़ बटोरे और रविवार को 26.26 करोड़ का कलेक्शन किया था। वहीं, वर्किंग वीक में फ़िल्म के कलेक्शंस डबल डिजिट में रहे। सोमवार को फ़िल्म ने 13.75 करोड़, मंगलवार को 15.28 करोड़, बुधवार को 16.72 करोड़ और गुरुवार को 11.23 करोड़ जमा किये थे। तानाजी ने पहले हफ़्ते में 118.91 करोड़ का कलेक्शन किया था।
ओम राउत निर्देशित तानाजी छत्रपति शिवाजी महाराज के सूबेदार तानाजी मालुसरे की कहानी है, जिसमें अजय ने टाइटल रोल निभाया है। वहीं सैफ़ अली ख़ान उदयभान के किरदार में हैं, जो मुगल सेना का सेनापति था। काजोल ने फ़िल्म मेें तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई का किरदार निभाया है। फ़िल्म महाराष्ट्र में मराठी में भी रिलीज़ की गयी थी। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में फ़िल्म टैक्स फ्री चल रही है।