निवेशकों का ध्यान खींच रही अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी क्षेत्र की स्टार्ट-अप कंपनियां

नई दिल्ली । देश में अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाली कई स्टार्ट-अप कंपनियों की नई पौध सामने आई है और इन कंपनियों ने निवेशकों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है। ये कंपनियां हथेली के आकार का उपग्रह बनाने से लेकर स्वच्छ ऊर्जा के बल पर उपग्रह को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करने तक का काम कर रही हैं।

बेंगलुरु की बेलाटिक्स एरोस्पेस के सह-संस्थापक यशास करनम ने कहा कि उसकी कंपनी ने कई निवेशकों से 30 लाख डॉलर (करीब 21 करोड़ रुपये) जुटा लिए हैं। यह कंपनी इलेक्ट्रिक और नॉन-टॉक्सिक केमिकल के सहारे उपग्रहों को धरती की कक्षा में स्थापित करना चाहती है। वेंचर कैपिटल फंड आइडीएफसी परंपरा बेलाटिक्स के प्री-सीरीज ए राउंड का अग्रणी निवेशक है। कंपनी के सात अन्य निवेशकों में सुमन कांत मुंजाल का पारिवारिक कार्यालय और फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी शामिल हैं। सुमन कांत मुंजाल का संबंध हीरो मोटोकॉर्प का संचालन करने वाले अरबपति परिवार से है।

मुंबई की कंपनी कावा स्पेस के एक निवेशक विशेष रंजन ने बताया कि इस कंपनी ने सीड फंड का एक चरण पूरा किया है। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि इस चरण में कितने का निवेश हुआ है। रंजन स्पेशिएल इन्वेस्ट के मैनेजिंग पार्टनर हैं। कावा स्पेस पृथ्वी का ऑब्जर्वेशन करने वाले उपग्रहों की डिजाइन और उसका परिचालन करने का काम करती है।

एक दर्जन से अधिक स्टार्ट-अप्स उपग्रह, रॉकेट्स और संबंधित सहायक प्रणालियों के विकास का काम कर रहे हैं। भारत में इस क्षेत्र में लगभग सरकार का एकाधिकार है, लेकिन इन कंपनियों ने निजी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर निवेश हासिल किया है। ऑनलाइन स्पेस प्रोडक्ट्स मार्केटप्लेस स्टैटसर्च के सह-संस्थापक नारायण प्रसाद ने बेलाटिक्स की फंडिंग का हवाला देते हुए कहा कि टेक्नोलॉजी में निवेश करने वाली किसी भी वेंचर कैपिटल कंपनी ने स्पेस टेक्नोलॉजी में पहले इतना बड़ा निवेश नहीं किया था।

  • Related Posts

    इंदौर की स्कीम नंबर 171 के रहवासियों ने एयरपोर्ट पर CM मोहन यादव से की मुलाकात, प्लॉट की समस्या के समाधान की मांग

    करीब 6 हजार लोग परेशान, वर्षों पहले पूरी रकम जमा करने के बावजूद नहीं मिला समाधान इंदौर। स्कीम नंबर 171 में प्लॉट की समस्या से परेशान रहवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ.…

    बागेश्वर बाबा का बड़ा बयान: ‘हिंदुओं को मुसलमानों और ईसाइयों से नहीं, हिंदुओं से ही ज्यादा खतरा’

    मां पीतांबरा पीठ पहुंचकर की पूजा-अर्चना दतिया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे दतिया स्थित विश्वविख्यात मां पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां…