एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी का रोड शो, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने झारखंड दौरे में देवघर पहुंचे हुए हैं। बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पीएम मोदी ने कॉलेज मैदान एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देवघर की पावन भूमि में आकर मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में योजनाओं की घोषणा होती थी, फिर एक-दो सरकार जाने के बाद कोई आकर एक-दो पत्थर लगाकर जाता था। पत्थर लटकता रहता था, दो-चार सरकारें चलने के बाद कोई और आता, फिर वो ईंट लगाता था। पता नहीं कितनी सरकारें जाने के बाद वो योजना सामने दिखती थी। आज हम उस कार्य संस्कृति को लाए हैं, उस राजनीतिक संस्कृति को लाए हैं, उस गवर्नेंस के मॉडल को लाए हैं कि जिसका शिलान्यास हम करते हैं उसका उद्घाटन भी हम करते हैं।

इससे पहले पीएम मोदी करीब दस किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए मंदिर पहुंचे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए सड़कों के दोनों तरफ लोगों की भारी भीड़ देखी गई। लोगों का उत्साह देखकर पीएम मोदी गाड़ी के दरवाजे पर खड़े हो गये और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

रोड शो के बाद पीएम मोदी बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक बाबा बैद्यनाथ के दर्शन किये और मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया। आपको बता दें कि डॉ राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रपति बनने के बाद 1952 में देवघर बाबा धाम में पूजा-अर्चना की थी।

पीएम मोदी ने आज देवघर एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया और 16,800 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्यपाल रमेश बैस भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि इनसे झारखंड की आधुनिक कनेक्टिविटी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आस्था और पर्यटन को बहुत अधिक बल मिलेगा। राज्यों के विकास से राष्ट्र का विकास, देश पिछले 8 सालों से इसी सोच के साथ काम कर रहा है। पिछले 8 वर्षों में राजमार्ग, रेलवे, वायुमार्ग, जलमार्ग हर प्रकार से झारखंड को कनेक्ट करने के प्रयास में भी यही सोच, यही भावना सबसे आगे रही है।

  • Related Posts

    MP में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में होगा बदलाव, दिसंबर में नई व्यवस्था; कैबिनेट विस्तार का इंतजार

    By: Ravindra Singh भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों में प्रशासनिक और संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार मंत्रियों को…

    मुरैना में बिजली का तार डालने को लेकर विवाद, पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला; 4 आरोपियों पर केस दर्ज

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले…