आपातकालीन परिस्थिति से निपटने हेतु रेलवे नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

भोपाल मंडल में DRM कार्यालय परिसर में हुई प्रभावी मॉक ड्रिल, रेलवे के नागरिक सुरक्षा दल ने किया जीवंत प्रदर्शन

भोपाल

भोपाल मंडल कार्यालय परिसर (पोर्च) में सायं 16:30 बजे नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास देशभर के 259 शहरों में नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य वायु आक्रमण जैसी आपात परिस्थितियों में रेलवे कर्मचारियों की तैयारी, जागरूकता और समन्वय का परीक्षण करना था।

 इस अभ्यास का नेतृत्व नागरिक सुरक्षा निरीक्षक श्री यशवंत सिंह परिहार द्वारा किया गया। उन्होंने प्रारंभ में सभी विभागों के एकत्रित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि वायु हमले के रेड अलर्ट की स्थिति में क्या करें और क्या न करें। साथ ही, उन्होंने मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure – SOP) की विस्तार से जानकारी दी।

इसके पश्चात एक शैक्षणिक वीडियो टेलीविजन स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया, जिसमें वायु हमले की स्थिति में बचाव के लिए अपनाई जाने वाली प्राथमिक विधियों को दर्शाया गया। इस क्रम में रेलवे के नागरिक सुरक्षा दल द्वारा जीवनरक्षक तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसमें यह बताया गया कि आपदा की घड़ी में स्वयं को और दूसरों को कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है। टीम द्वारा अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के प्रयोग की भी व्यावहारिक जानकारी दी गई, जिससे उपस्थित कर्मचारियों को आपात स्थिति में अग्नि नियंत्रण की विधियों का प्रशिक्षण मिला।

इस मॉक ड्रिल में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री पी एस रघुवंशी ,मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री श्याम सिंह बरेड़िया सहित अन्य अधिकारी तथा मंडल कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल कर्मचारियों को आपदा से निपटने की व्यवहारिक जानकारी दी, बल्कि रेलवे प्रशासन की सजगता एवं तत्परता को भी प्रदर्शित किया।

  • Related Posts

    राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप पुरी के सामने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी, दाखिल किया नामांकन

    भोपाल। मध्य प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी ने नामांकन दाखिल…

    उमरिया में कोयले से लदा ट्रक नदी में गिरा, चालक को सुरक्षित निकाला; खलासी फंसा

    देर रात करीब 12 बजे हुआ हादसा, क्रेन और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी उमरिया। उमरिया में उचेहरा और घोरचत्र नदी के बीच देर रात करीब 12 बजे…