दिवाली की रात मातम में बदली खुशियां: 12 घंटे में 36 लोगों की मौत, कहीं घरों में लगी आग तो कहीं सड़क हादसों ने छीनी जिंदगी

देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, लेकिन खुशियों के इस पर्व के बीच कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अलग-अलग राज्यों में आग लगने और सड़क दुर्घटनाओं की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग अग्निकांड में 12 लोगों की जान चली गई, जबकि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कार में आग लगने से छह लोग जिंदा जल गए। दिल्ली, लखनऊ, चित्रकूट, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी हुए हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, इन घटनाओं में करीब 12 घंटे के भीतर 36 लोगों की मौत हुई।

मध्य प्रदेश में दो अग्निकांड, 12 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दिवाली की रात तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। आग इतनी भयावह थी कि दमकल और बचाव दल को लोगों को सुरक्षित निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

वहीं, सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सोमवार तड़के करीब तीन बजे सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के घर आग लग गई। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, 65 वर्षीय राजकुमारी सोनी, 42 वर्षीय रितु सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 45 वर्षीय सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं। हादसे के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुजफ्फरनगर में कार बनी आग का गोला, छह लोग जिंदा जले

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर सुबह करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शामली से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही कार तितावी थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया गया कि सभी मृतक हरियाणा के रहने वाले थे।

दिल्ली के नरेला इलाके में भी आतिशबाजी के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। परिवार के साथ पटाखे जला रहे 10 वर्षीय बच्चे के हाथ में मौजूद अनार अचानक फट गया और उसकी चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लखनऊ, चित्रकूट, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी हादसे

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 50 से 60 लोग सवार थे। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

चित्रकूट में दिवाली मेले से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। बताया गया कि ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच लगा हुक खुलने से ट्रॉली खाई में पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।

छत्तीसगढ़ के अभनपुर में राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास और 21 वर्षीय बेटी पुरवा के रूप में हुई है। परिवार दिवाली मनाने के लिए रायपुर से घर लौट रहा था।

उधर, महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में किराना दुकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। लगातार सामने आई इन घटनाओं ने त्योहार के दौरान सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया।

  • Related Posts

    उज्जैन की तिलकेश्वर गौशाला पहुंचे CM मोहन यादव, विधि-विधान से की गोवर्धन पूजा; गौमाता का लिया आशीर्वाद

    दीपावली के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया पूजन, गौसेवा और संरक्षण का दिया संदेश प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा और दीपावली की दी शुभकामनाएं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.…

    मुरैना जिला अस्पताल से नशा तस्करी का आरोपी फरार, कैदी वार्ड में सोते रहे पुलिस जवान; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    मध्य प्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल से एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है। 232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार जसवीर सिंह बग्घा अस्पताल के…

    Leave a Reply