By: Ravindra Singh
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मझौली क्षेत्र में पदस्थ रहे पंचायत सचिव रामसुजान तिवारी को 20 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोप है कि उसने पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों का भुगतान कराने के बदले फरियादी से कुल 40 हजार रुपए की मांग की थी। लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की जांच के बाद सुनियोजित तरीके से यह कार्रवाई की।
निर्माण कार्यों का भुगतान करने के बदले मांगे 40 हजार रुपए
मामला ग्राम पंचायत ठोंगा और ताला से संबंधित है। यहां सचिवीय प्रभार संभाल रहे रामसुजान तिवारी पर निर्माण कार्यों के बिलों का भुगतान कराने के लिए फरियादी से 40 हजार रुपए मांगने का आरोप है। परेशान होकर फरियादी ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। इसके बाद 15 सदस्यीय टीम गठित कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई।
20 हजार रुपए की दूसरी किस्त लेते ही दबोचा
लोकायुक्त की योजना के मुताबिक फरियादी को रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया। जैसे ही पंचायत सचिव ने 20 हजार रुपए की दूसरी किस्त स्वीकार की, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। आरोपी को आरईएस के उपखंड कार्यालय में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि इससे पहले वह 20 हजार रुपए की पहली किस्त भी ले चुका था।
जिला मुख्यालय में पूछताछ और कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई पूरी करने के बाद लोकायुक्त की टीम पंचायत सचिव को आगे की पूछताछ और वैधानिक प्रक्रिया के लिए जिला मुख्यालय लेकर पहुंची। फिलहाल सर्किट हाउस में मामले से जुड़ी कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग में हलचल मच गई है।




