दतिया में हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा, 8 महीने से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

By: Ravindra Singh

दतिया में हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पिछले 8 महीने से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अरविंद राय को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी राजापुर से हुई। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी का शहर में जुलूस भी निकाला।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने एक व्यक्ति को जाल में फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए धमकाया और उससे मोटी रकम वसूलने की साजिश रची थी। मामले में पहले एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घरेलू काम के बहाने महिला को घर में रखवाया, फिर बनाया वीडियो

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से एक महिला को घरेलू काम के बहाने फरियादी के घर पर रखवाया था। इसके बाद फरियादी को नशीला पदार्थ खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का आरोप है।

आरोपियों ने इसी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर फरियादी से लाखों रुपये की वसूली की। इतना ही नहीं, पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने और उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।

8 महीने से फरार था आरोपी, राजापुर से पुलिस ने दबोचा

हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामले में अरविंद राय लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार तलाश के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे राजापुर से गिरफ्तार कर लिया।

इस प्रकरण में पुलिस पहले ही पंजाब सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। अरविंद राय की गिरफ्तारी के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

कोतवाली पुलिस ने निकाला जुलूस, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली पुलिस ने शहर में उसका जुलूस निकाला। यह कार्रवाई थाना प्रभारी सुधीर हिनारिया और सब इंस्पेक्टर अनफासुल हसन के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, हनी ट्रैप गिरोह में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दतिया में इस कार्रवाई के बाद हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जुड़े नेटवर्क की अन्य गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Posts

खारी नदी पुल पर री-गर्डरिंग का काम, 1 और 2 दिसंबर को चार ट्रेनें रहेंगी रद्द; ताज एक्सप्रेस आगरा तक चलेगी

ग्वालियर। झांसी-आगरा रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को दिसंबर की शुरुआत में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड के जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच खारी…

MP में ग्राम पंचायतें बनाएंगी आवास और हॉस्टल, किराए से बढ़ाएंगी अपनी आय; आश्रय निधि के उपयोग के नए निर्देश जारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। अब बिल्डर और कॉलोनाइजर…

Leave a Reply