ग्वालियर। झांसी-आगरा रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को दिसंबर की शुरुआत में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड के जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच खारी नदी पुल (ब्रिज संख्या 1331/1) पर 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक री-गर्डरिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते 1 और 2 दिसंबर को झांसी-आगरा के बीच चलने वाली चार ट्रेनें निरस्त रहेंगी। वहीं, झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित होगा।
चार ट्रेनें दो दिन रहेंगी निरस्त, ताज एक्सप्रेस आगरा कैंट से चलेगी
रेलवे के अनुसार, खारी नदी पुल पर री-गर्डरिंग कार्य के चलते ट्रेन संख्या 11901, 11902, 11807 और 11808 का संचालन 1 और 2 दिसंबर को नहीं होगा।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 12279/12280 ताज एक्सप्रेस 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक झांसी के बजाय आगरा कैंट स्टेशन से ही शुरू और समाप्त होगी। इससे ग्वालियर से दिल्ली जाने और दिल्ली से लौटने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
ग्वालियर से मुंबई के लिए विशेष ट्रेन के चार अतिरिक्त फेरे
मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन के संचालन में दोनों दिशाओं में चार-चार अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन ग्वालियर होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को मुंबई की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
गाड़ी संख्या 02199 झांसी-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन 3 से 24 दिसंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 02200 बांद्रा टर्मिनस-झांसी विशेष ट्रेन 5 से 26 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
दोनों दिशाओं में चार-चार अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं। इन विशेष ट्रेनों में 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों को ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन के आगमन और प्रस्थान का समय जानने के लिए एनटीईएस की मदद लेने की सलाह दी है।




