MP में ग्राम पंचायतें बनाएंगी आवास और हॉस्टल, किराए से बढ़ाएंगी अपनी आय; आश्रय निधि के उपयोग के नए निर्देश जारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। अब बिल्डर और कॉलोनाइजर से वसूली जाने वाली आश्रय निधि से ग्राम पंचायतें आवास, हॉस्टल, सामुदायिक भवन और आजीविका सह-प्रशिक्षण केंद्र बना सकेंगी। इन भवनों को किराए पर देकर पंचायतें नियमित आय भी अर्जित कर सकेंगी। निर्माण के लिए औद्योगिक, शहरी और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों से लगी ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और कामकाजी महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता

जिला पंचायतों के खातों में जमा आश्रय निधि का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय समूह (एलआईजी), कामकाजी महिलाओं और औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों के लिए संस्थागत आवासीय सुविधाएं विकसित करने में किया जाएगा। इसके तहत हॉस्टल, सामुदायिक भवन और आजीविका परिसर सह-प्रशिक्षण केंद्र बनाए जा सकेंगे।

इन भवनों का किराया कलेक्टर द्वारा निर्धारित किया जाएगा। इनके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों की होगी। इस व्यवस्था से पंचायतों को आय का नया स्रोत मिलेगा और शहरों के आसपास अवैध कॉलोनियों के विकास पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

ग्राम पंचायत नियम 2014 के तहत जारी हुए दिशा-निर्देश

मध्यप्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मध्यप्रदेश ग्राम पंचायत (कॉलोनियों का विकास) नियम-2014 के तहत वसूली जाने वाली आश्रय निधि और अन्य शुल्कों के उपयोग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों की जिला पंचायतों के खातों में आश्रय निधि के करोड़ों रुपये जमा हैं। वहीं, कॉलोनी के पंजीकरण और नवीनीकरण से मिलने वाला शुल्क जिला पंचायतों की स्वयं की आय माना जाएगा। इस राशि का उपयोग जिला पंचायत अपने विवेक के अनुसार कर सकेगी।

शुल्क से जुड़े प्रत्येक खर्च में पारदर्शिता, लेखा संधारण और ऑडिट अनिवार्य होगा। सभी अभिलेखों का प्रतिवर्ष दृष्टि पोर्टल, स्थानीय निधि संपरीक्षा और महालेखाकार (एजी) के माध्यम से ऑडिट कराया जाएगा।

विकास कार्यों पर भी खर्च होगी आश्रय निधि

अतिरिक्त आश्रय और विकास अनुज्ञा शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग संबंधित कॉलोनी की बाहरी सड़कों, नल-जल योजना के विस्तार और रखरखाव, जल निकासी, सीवेज तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों पर किया जाएगा। यदि संबंधित कॉलोनी में इन सुविधाओं की आवश्यकता नहीं है, तो ग्राम पंचायत इस राशि से अपने क्षेत्र के अन्य मोहल्लों का विकास कर सकेगी।

प्राप्त कुल शुल्क की 50 प्रतिशत राशि जिला पंचायत चालू वर्ष के प्रशासनिक कार्यों पर खर्च कर सकेगी। शेष 50 प्रतिशत राशि कॉलोनियों के पर्यवेक्षण कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और इंजीनियरों को उनके कार्य के चरणों के आधार पर मानदेय के रूप में दी जा सकेगी।

निर्माण एजेंसी चुनने का अधिकार, सात सदस्यीय समिति करेगी निगरानी

आवासीय भवनों के निर्माण के लिए हाउसिंग बोर्ड, विकास प्राधिकरण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), ग्राम पंचायत स्वयं या अन्य अधिकृत राज्य एजेंसियों का चयन किया जा सकेगा। इसके लिए ग्राम पंचायतें कार्ययोजना तैयार कर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को भेजेंगी।

निर्माण कार्यों की अनुशंसा और निगरानी के लिए जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति की अनुशंसा के बाद जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति प्रशासकीय स्वीकृति देगी। इसके आधार पर सीईओ आदेश जारी करेंगे।

मप्र पंचायती राज संचालनालय के संचालक छोटे सिंह के अनुसार, विभिन्न जिलों में आश्रय शुल्क के करोड़ों रुपये जमा हैं। अब इस राशि से ग्राम पंचायतें आवास, हॉस्टल और सामुदायिक भवन बनाकर किराए पर दे सकेंगी। इससे पंचायतों की आय बढ़ेगी। इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं।

  • Related Posts

    खारी नदी पुल पर री-गर्डरिंग का काम, 1 और 2 दिसंबर को चार ट्रेनें रहेंगी रद्द; ताज एक्सप्रेस आगरा तक चलेगी

    ग्वालियर। झांसी-आगरा रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को दिसंबर की शुरुआत में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड के जाजऊ-भांडई स्टेशन के बीच खारी…

    मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप तेज, करौंदी में पारा 5.2 डिग्री पर पहुंचा; चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट

    मध्यप्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। कटनी जिले के करौंदी में…

    Leave a Reply