By: Ravindra Singh
आठवें वेतन आयोग से पेंशन में बढ़ोतरी की उम्मीद लगाए बैठे पुराने पेंशनर्स की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। खासतौर पर 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को आशंका है कि कहीं नए वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ उन्हें न मिल पाए। इस मुद्दे को लेकर पेंशनर्स संगठनों ने सरकार से स्पष्ट नीति बनाने की मांग उठाई है।
दिल्ली में 25 नवंबर को कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर पुराने पेंशनर्स को भी पेंशन संशोधन का लाभ देने की मांग की। संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर पेंशनर्स के बीच भेदभाव नहीं करने की अपील की है।
पुराने पेंशनर्स को क्यों सता रही पेंशन कटौती या बढ़ोतरी की चिंता?
आठवें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें बढ़ी हुई हैं। आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की संभावना जताई जा रही है। नवंबर 2025 में जारी आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में OPS, NPS और UPS के तहत पेंशन एवं ग्रेच्युटी से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है।
हालांकि, पुराने पेंशनर्स का कहना है कि आयोग के दायरे और पेंशन संशोधन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। विशेष रूप से 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को यह डर है कि नई व्यवस्था का लाभ केवल बाद में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों तक सीमित रह सकता है।
पेंशनर्स संगठनों की मांग है कि सरकार इस विषय पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समान आधार पर पेंशन संशोधन का लाभ मिल सके।
पीएम मोदी को पत्र लिखकर संगठनों ने क्या मांग उठाई?
फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर पेंशन से जुड़े मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने वेलिडेशन ऑफ पेंशन रूल एक्ट, 2025 को वापस लेने की मांग भी उठाई है।
इसके अलावा संगठन ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात का समय मांगा है, ताकि पुराने पेंशनर्स की समस्याओं और पेंशन संशोधन की मांग पर चर्चा की जा सके।
पेंशनर्स संगठनों का कहना है कि सेवानिवृत्ति की तारीख के आधार पर पेंशन में अंतर करना उचित नहीं है। उनका तर्क है कि लंबे समय तक सरकारी सेवा देने वाले कर्मचारियों को वेतन आयोग के संशोधित लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
पेंशन नियम कानून और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर विवाद
पेंशनर्स के बीच वेलिडेशन ऑफ पेंशन रूल एक्ट, 2025 को लेकर भी असंतोष है। यह कानून फाइनेंस एक्ट 2025 के माध्यम से लागू किया गया था। इसके तहत केंद्र सरकार को वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर पेंशनर्स के अलग-अलग वर्ग निर्धारित करने का अधिकार मिलने की बात कही गई है। इसमें रिटायरमेंट की तारीख को भी आधार बनाया जा सकता है।
संगठनों का मानना है कि इस प्रावधान से पुराने और नए पेंशनर्स के बीच अंतर पैदा हो सकता है। इससे 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों के हित प्रभावित होने की आशंका है।
अपनी मांग के समर्थन में पेंशनर्स संगठन सुप्रीम कोर्ट के 1983 के डीएस नकारा बनाम भारत संघ फैसले का हवाला दे रहे हैं। इस ऐतिहासिक निर्णय में अदालत ने पेंशनर्स को केवल सेवानिवृत्ति की तारीख के आधार पर अलग-अलग वर्गों में बांटने के मुद्दे पर समानता के सिद्धांत को महत्वपूर्ण माना था।
अब पेंशनर्स संगठनों की नजर सरकार के फैसले पर है। वे चाहते हैं कि आठवें वेतन आयोग में सभी पुराने पेंशनर्स को शामिल किया जाए और पेंशन संशोधन को लेकर ऐसी नीति बने, जिससे किसी भी कर्मचारी को उसकी रिटायरमेंट तारीख के कारण नुकसान न उठाना पड़े।







