इंदौर। नगर निगम में शनिवार को हुई महापौर परिषद (MIC) की बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर के दूसरे स्थान पर आने को लेकर चर्चा हुई। एमआइसी सदस्य राजेश उदावत ने रैंकिंग पर सवाल उठाते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नियुक्त कंसल्टेंट की भूमिका पर भी चिंता जताई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जोड़ीदार के रूप में इंदौर भले ही दूसरे स्थान पर रहा हो, लेकिन कुल अंकों के मामले में शहर सबसे आगे है। बैठक में पेयजल व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और दिव्यांगजनों की भर्ती सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। नगर निगम परिषद का सम्मेलन 8 दिसंबर को आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
स्वच्छता रैंकिंग को लेकर कंसल्टेंट पर उठे सवाल
स्वच्छता सर्वेक्षण में देपालपुर के साथ जोड़ीदार के रूप में शामिल होने के बाद इंदौर को दूसरा स्थान मिला है। इस रैंकिंग को लेकर नगर निगम में नियुक्त बाहरी कंसल्टेंसी एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठाए गए। एमआइसी सदस्य राजेश उदावत ने बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
इससे पहले भी कंसल्टेंट की नियुक्ति को लेकर शिकायत सामने आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि निगम में नियुक्त एक कंसल्टेंट को अलीराजपुर में सरकारी फंड से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ सजा मिल चुकी है। इस आरोप के बाद कंसल्टेंट की नियुक्ति और निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विजय शाह और जूपीटर अस्पताल ने संपत्तिकर में राहत मांगी
बैठक में प्रदेश के मंत्री विजय शाह और जूपीटर अस्पताल की ओर से संपत्तिकर में राहत देने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए। दोनों पक्षों ने नगर निगम की ओर से निर्धारित संपत्तिकर को अनुचित बताते हुए उसमें छूट देने की मांग की।
दोनों संपत्तिधारकों के वकीलों ने एमआइसी के सामने अपना पक्ष रखा और आवेदन निगम आयुक्त को सौंपे। हालांकि, बैठक में संपत्तिकर को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। एमआइसी सदस्यों के अनुसार, नियमानुसार अंतिम निर्धारण से पहले अपील करने वाले संपत्तिधारकों को अपना पक्ष रखने का अवसर देना जरूरी है। इसी प्रक्रिया के तहत वकीलों की दलीलें सुनी गईं। अब आगे नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
पेयजल व्यवस्था के लिए 300 बोरिंग और 33 टैंकरों को मंजूरी
शहर में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए एमआइसी ने 300 नए बोरिंग कराने, मोटर सहित 100 नलकूप स्थापित करने और 33 नए पानी के टैंकर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अतिरिक्त पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न कार्यों की निविदाएं जारी करने की अनुमति भी दी गई।
नागरिकों को उपचारित जल उपलब्ध कराने के लिए इंदौर 311 एप के माध्यम से आवेदन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। इच्छुक नागरिक निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद उनके घर तक उपचारित पानी पहुंचाया जाएगा।
कचरा संग्रहण और ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट पर भी चर्चा
बैठक में शुल्क आधारित मांग पर कचरा संग्रहण व्यवस्था संचालित करने के लिए एजेंसी निर्धारित करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही शहर में ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
300 से अधिक दिव्यांगजनों को मिल सकता है नौकरी का अवसर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि नगर निगम में दिव्यांगजनों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने को लेकर भी निर्णय लिया गया है। शासन से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे पहले से चयनित 300 से अधिक दिव्यांगजनों को नगर निगम में सेवाएं देने का अवसर मिल सकेगा।
बैठक में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित महापौर परिषद के सदस्य राजेंद्र राठौर, निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, अश्विनी शुक्ल, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा, राकेश जैन, राजेश उदावत और मनीष शर्मा ‘मामा’ सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।




