विधानसभा चुनाव के बाद अमित शाह का पहला पश्चिम बंगाल दौरा

नई दिल्‍ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पांच मई से दो दिनों के लिए पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को कड़ी टक्‍कर दी थी। हालांकि, पश्चिम बंगाल में भाजपा को हाल ही में असानसोल लोकसभा सीट के उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। अब भाजपा ने अगामी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। ऐसे में अमित शाह का बंगाल दौरा काफी महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है।

बंगाल में भाजपा का प्रदर्शन नहीं रहा उल्‍लेखनीय!

पिछले साल मार्च-अप्रैल में बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद अमित शाह का राज्य का यह पहला दौरा होगा। तब से उपचुनावों और नगर निगम चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा है। पार्टी हाल में आसनसोल लोकसभा सीट के उपचुनाव में भी हार गई। पार्टी की लगातार हार से प्रदेश भाजपा के भीतर भी भारी असंतोष देखा जा रहा है। ऐसे में शाह के दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी

प्रदेश भाजपा की राज्य समिति के एक सदस्य ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी में एकजुटता के लिए गृह मंत्री एक निश्चित संदेश देंगे, ताकि राज्य में हमारे संगठनात्मक ढांचे और कामकाज को बेहतर बनाया जा सकेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद दिलीप घोष ने कहा कि शाह के दौरे का मुख्य उद्देश्य आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होना है, लेकिन वह राज्य के पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। बताया जा रहा है कि कई परिवर्तन भी जल्‍द देखने को मिल सकते हैं।

ये है अमित शाह का कार्यक्रम

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पांच मई से दो दिनों के लिए बंगाल के दौरे पर रहेंगे। यहां सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने के अलावा वह पार्टी नेताओं के साथ सांगठनिक बैठक भी करेंगे।

-अमित शाह पांच मई की सुबह कोलकाता पहुंचेंगे। इसके बाद वह सबसे पहले उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज जाएंगे और वहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

  • उत्तर 24 परगना के हरिदासपुर में भी वह बीएसएफ के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वहां एक संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे।
  • अमित शाह उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी जाएंगे और रेलवे इंस्टीट्यूट ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
  • पांच मई की शाम को दार्जिलिंग में विभिन्न राजनीतिक और गैर- राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी गृह मंत्री की बैठक होने की संभावना है।
  • छह मई को शाह उत्तर बंगाल के ही कूचबिहार जिले में जाएंगे और वहां तिनबीघा कारिडोर में बीएसएफ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर दोपहर में उनके कोलकाता लौटने का कार्यक्रम है। यहां वह राज्य के शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे और फिर उसी दिन वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
  • Related Posts

    दिवाली पर सुबह एक और शाम दो घंटे जला सकेंगे ग्रीन पटाखे, सुप्रीम कोर्ट ने तय की समयसीमा

    दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 नवंबर को मिलेगी सीमित छूट, 9 नवंबर से फिर लागू होगा पूर्ण प्रतिबंध नई दिल्ली। दीपावली पर पटाखे जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा…

    सुकेश चंद्रशेखर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जज बनकर न्यायिक अधिकारी पर बनाया था दबाव

    सजा पर रोक लगाने की याचिका खारिज, दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप से शीर्ष अदालत का इनकार जज बनकर फोन करने और न्यायिक अधिकारी पर दबाव बनाने के मामले…