रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घटना थाना क्षेत्र के नवाबगंज के पास बृहस्पतिवार को हुई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना की जांच में जुटी है।
रॉन्ग साइड से आकर तीन बाइकों को मारी टक्कर
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार बोलेरो गलत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान वाहन ने सबसे पहले सुरेश सिंह की बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने दो अन्य मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया।
हादसे में छह लोग घायल, बुजुर्ग की मौत
दुर्घटना में पूरे विजयी मजरे पूरबगांव निवासी 60 वर्षीय सुरेश सिंह, पूरे गिरधारी मजरे हेवतहा नेवढ़िया निवासी विपिन (20), अभिषेक (15), शिवाशी (17), आरती (25) और सात वर्षीय एक बच्चा घायल हो गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगतपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सुरेश सिंह को मृत घोषित कर दिया।
तीन घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हुई है, जबकि पांच घायलों का उपचार किया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार बोलेरो चालक का पता लगाने के साथ मामले की जांच कर रही है।




