By: Ravindra Singh
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद दो लोगों की जान ले गया। मुरार थाना क्षेत्र के पदमपुर खेरिया गांव में दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर गोलियां चलीं। इस घटना में अमित लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता कमलेश लोधी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
जमीन के बंटवारे को लेकर दो परिवारों में विवाद
जानकारी के मुताबिक, पदमपुर खेरिया गांव में दो भाइयों के परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। परिजनों का आरोप है कि चाचा-ताऊ के लड़कों ने कमलेश लोधी और उनके बेटे अमित लोधी पर गोलीबारी कर दी। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बेटे की मौके पर मौत, पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम
गोली लगने से अमित लोधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके पिता कमलेश लोधी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
चार महीने पहले भी हुई थी गोलीबारी, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि कमलेश लोधी और राजकुमार लोधी के बीच करीब चार महीने पहले भी गोलीबारी की घटना हुई थी। ताजा वारदात के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। जमीन विवाद में हुई इस दोहरी मौत की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




