जयपुर एयरपोर्ट पर विमान हाईजैक होने का अलर्ट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान एआई-2030 को जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
अहमदाबाद एटीसी को मिला था अलर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, विमान को लेकर अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट मिला था। इसके बाद पायलट ने कुछ सेकेंड के लिए स्क्वॉक-7500 संकेत जारी किया, जिसे विमान के हाईजैक होने से जुड़े आपात संकेत के रूप में जाना जाता है। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं और विमान को जयपुर में उतारने का फैसला लिया गया।
आइसोलेशन वे पर लाया गया विमान
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर ले जाया गया। आपात परिस्थितियों में विमान को इस स्थान पर रखा जाता है, ताकि सुरक्षा एजेंसियां जरूरी जांच और कार्रवाई कर सकें। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) को रवाना किया गया। वहीं, जयपुर के सांगानेर क्षेत्र और ईएचसीसी अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया।
पायलट की गलती से जारी हुआ था अलर्ट
सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, पायलट से गलती से बटन दब गया था, जिसके कारण विमान हाईजैक होने का अलर्ट जारी हो गया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
सभी यात्री सुरक्षित, आगे की यात्रा की तैयारी
एयर इंडिया की उड़ान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को विमान से उतारकर आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, इसके बाद यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए आगे की व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों और उनके परिजनों से घबराने के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्थिति का जायजा ले रही हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।





