MP Police Bharti 2026: आरक्षक भर्ती के आवेदन फिर शुरू, 16 नवंबर तक मिलेगा मौका; जानें कौन कर सकता है अप्लाई

By: Ravindra Singh

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (GD) भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने कुछ उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने का एक और अवसर दिया है। हालांकि, यह सुविधा सभी अभ्यर्थियों के लिए नहीं खोली गई है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भर्ती को लेकर याचिका दायर करने वाले और अंतरिम आदेश के तहत पात्र पाए गए उम्मीदवार ही दोबारा आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थी 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

हाईकोर्ट के आदेश पर दोबारा खोली गई आवेदन विंडो

पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए कुछ उम्मीदवारों ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की थीं। इन याचिकाओं में उन्हें आवेदन करने की अनुमति देने की मांग की गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने संबंधित याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत देते हुए आवेदन करने की अनुमति प्रदान की। इसी के पालन में MPESB ने 12 नवंबर 2026 को सूचना जारी कर पात्र याचिकाकर्ताओं के लिए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की जानकारी दी। यह सुविधा सीमित अवधि के लिए ही उपलब्ध रहेगी।

13 से 16 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

MPESB की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पात्र उम्मीदवार 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें एमपी ऑनलाइन की आधिकारिक वेबसाइट mponline.gov.in पर जाना होगा। भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी और नोटिफिकेशन मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट esb.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के दायरे में आते हैं। साथ ही, फॉर्म में नाम, व्यक्तिगत विवरण और अन्य जरूरी जानकारियां सावधानी से भरनी होंगी।

गलत जानकारी पर रद्द हो सकती है उम्मीदवारी, रिजल्ट रहेगा रोका

कर्मचारी चयन मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में गलत जानकारी देने पर किसी भी चरण में उम्मीदवार की अभ्यर्थिता निरस्त की जा सकती है। दोबारा आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पात्रता फिलहाल अस्थायी यानी Provisional रहेगी। केवल परीक्षा में शामिल होने से उनकी पात्रता अंतिम रूप से स्वीकृत नहीं मानी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम भी फिलहाल रोककर रखे जाएंगे। हाईकोर्ट का अंतिम निर्णय आने के बाद ही उनकी पात्रता और परिणाम को लेकर आगे की प्रक्रिया तय होगी। निर्धारित समय यानी 16 नवंबर तक आवेदन नहीं करने वाले संबंधित उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिल सकेगा।

Related Posts

ग्वालियर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: दिनदहाड़े फायरिंग में पिता-पुत्र की मौत, गांव में तनाव

By: Ravindra Singh ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद दो लोगों की जान ले गया। मुरार थाना क्षेत्र…

सीधी में पंचायत सचिव 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, 40 हजार रुपए की थी मांग; लोकायुक्त ने बिछाया जाल

By: Ravindra Singh सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मझौली…

Leave a Reply