कोरोना पर प्रस्ताव के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र की मंजूरी लेने में जुटा रूस, प्रतिबंधों को हटाने की मांग छोड़ी

संयुक्त राष्ट्र। रूस कोरोना महामारी पर एक प्रस्ताव के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा की मंजूरी हासिल करने का फिर से प्रयास कर रहा है। इस बार उसने सुरक्षा परिषद की मंजूरी के बिना लगाए गए एकतरफा प्रतिबंधों को हटाने की मांग छोड़ दी है, लेकिन संरक्षणवादी रवैये को समाप्त करने की मांग पर वह अब भी अड़ा है। 193 सदस्यीय विश्व निकाय को बुधवार दोपहर तक रूस के संशोधित मसौदा प्रस्ताव पर विचार करना है, जिसमें कोरोना द्वारा उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की एकजुटता की घोषणा की अपील की गई है।

महासभा ने प्रस्ताव पर मंजूरी के लिए नए मतदान नियम बनाए हैं, क्योंकि इस समय महामारी के परिणामस्वरूप बैठकें नहीं हो पा रही हैं। आमतौर पर महासभा के प्रस्तावों को बहुमत से या आम सहमति से पारित किया जाता है, लेकिन अब अगर किसी एक देश ने प्रस्ताव पर आपत्ति जता दी, तो वह पारित नहीं हो पाएगा। रूस का मूल मसौदा प्रस्ताव दो अप्रैल को मंजूरी हासिल करने में विफल रहा था। इसे मध्य अफ्रीकी गणराज्य, क्यूबा, निकारागुआ और वेनेजुएला का भी समर्थन प्राप्त था, लेकिन यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, अमेरिका और यूक्रेन ने इस पर आपत्ति जताई थी।

महासभा के अध्यक्ष तिजानी मुहम्मद-बंदे ने शुक्रवार को संशोधित रूसी मसौदा प्रस्ताव को सदस्य देशों को भेजा। प्रस्ताव को लगभग 30 देशों का समर्थन प्राप्त है। इसमें ट्रेड वार को समाप्त करने की मांग छोड़ दी गई है, लेकिन कई नए प्रावधान जोड़े गए हैं। इसमें कोविड-19 के प्रसार का सार्वजनिक स्वास्थ्य और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है और महामारी से निपटने के लिए एकजुटता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से समन्वित और निर्णायक कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताने की अपील की गई है।

  • Related Posts

    मंदसौर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से गर्भवती महिला और उसकी बहन की मौत, पति-बेटी घायल

    मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के पास तेज रफ्तार ट्रक…

    उज्जैन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 631 किलो महुआ लाहन और 42 लीटर अवैध शराब जब्त

    उज्जैन जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के नेतृत्व में मंगलवार अलसुबह 5…