सरकार और संगठन के काम..जनता तक पहुंचाने की सीख

—भाजपा की सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में डिजिटल संवाद, तथ्यात्मक जानकारी और प्रभावी नैरेटिव निर्माण पर जोर; प्रत्येक विधानसभा में 100 डिजिटल साथियों की टीम बनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान दौर सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल क्रांति का है। सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, संगठन की विचारधारा और सकारात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों और ऐतिहासिक संदर्भों के साथ अपनी बात जनता के सामने रखें तथा भ्रामक सूचनाओं का प्रमाणिक और संयमित तरीके से जवाब दें। मुख्यमंत्री सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सांसद बिप्लब कुमार देब, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

डिजिटल माध्यमों से गांव-गांव तक पहुंचे संगठन संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शरद पूर्णिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यशाला से मिले मार्गदर्शन को लेकर सोशल मीडिया कार्यकर्ता गांव-गांव जाएं और सरकार तथा संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया कुछ ही मिनटों में किसी विषय को व्यापक चर्चा का केंद्र बना सकता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को तथ्यों के आधार पर संवाद करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ता ऐतिहासिक घटनाओं, आपातकाल और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर प्रमाणिक जानकारी के साथ जनता के सामने अपनी बात रखें।

विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब दें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया जनसंवाद और जनमत निर्माण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल विभिन्न मुद्दों पर भ्रम फैलाकर अपना नैरेटिव स्थापित करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों, तर्कों और प्रमाणिक जानकारी के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब दें। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखने का आह्वान किया।

हर विधानसभा में बनेंगी 100 डिजिटल साथियों की टीमें

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है और कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से संगठन और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि सोशल मीडिया की ताकत केवल फॉलोअर्स की संख्या में नहीं, बल्कि लोगों के साथ निरंतर संवाद और वास्तविक जुड़ाव में है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 100 डिजिटल साथियों की टीम तैयार करने, कार्यकर्ताओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी देने तथा उन्हें प्रशिक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल कार्यक्रमों की तस्वीरें साझा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और स्थानीय स्तर पर उनके वास्तविक अनुभवों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना चाहिए।

स्थानीय मुद्दों और वास्तविक अनुभवों पर हो फोकस

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता व्यक्ति के बजाय विचारधारा और राष्ट्रनीति के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को तथ्यों एवं आंकड़ों के साथ प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि प्रभावी नैरेटिव निर्माण में तथ्यात्मक और प्रामाणिक सामग्री की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया पर प्रमुखता से साझा किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर किसी भी विषय पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी प्रासंगिकता और तथ्यों का आकलन करने की अपील की।

प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने सोशल मीडिया गतिविधियों की नियमित समीक्षा और मासिक ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामग्री की पहुंच, प्रभावशीलता और स्थानीय मुद्दों पर किए गए कार्यों का विश्लेषण कर रणनीति को बेहतर बनाया जाना चाहिए। कार्यशाला को सोशल मीडिया के प्रदेश प्रभारी शिवराज सिंह डाबी और प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी ने भी संबोधित किया। इस दौरान आईटी विभाग के संयोजक हितेश नागदेव, सोशल मीडिया सह-संयोजक संयम जैन, जोगेंद्र सिंह और आईटी विभाग के सह-संयोजक आशु तिवारी मौजूद रहे।

  • Related Posts

    खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा कोर कमेटी में निंदा प्रस्ताव,3 शहरों में होंगी बड़ी रैलियां

    —‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में जुटेंगे कार्यकर्ता,राज्यसभा उम्मीदवारों के पैनल पर बनी सहमति भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में…

    अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0..शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

    28 अक्टूबर को इंदौर में होगा आयोजन, मुख्यमंत्री करेंगे किफायती आवास व जल पुनः उपयोग नीति के प्रारूप का विमोचन; आठ जिलों के आर्थिक विकास की बनेगी रूपरेखा मध्यप्रदेश में…

    Leave a Reply