धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक

—85.40 करोड़ से होगा प्रथम चरण का निर्माण

—नलखेड़ा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया भूमिपूजन,108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का मुख्य शिखर..लखुंदर नदी पर बनेगा नया पुल

विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंदिर परिसर में मां बगलामुखी देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण के 85.40 करोड़ रुपये लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया। लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होने वाले देवी लोक में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं, भव्य मंदिर परिसर और बेहतर आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी देवी लोक आस्था, अध्यात्म और श्रद्धा के साथ धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के विकास के बाद अब नलखेड़ा के धार्मिक महत्व को नई पहचान देने के लिए काम किया जा रहा है। राज्य सरकार प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्य स्वरूप देने के संकल्प पर काम कर रही है। इसमें श्रीराम की नगरी ओरछा, उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम, चित्रकूट धाम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नलखेड़ा में लखुंदर नदी के तटों पर सुंदर और भव्य घाट बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस साल किसानों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7000 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा।

108 फीट ऊंचा होगा मुख्य शिखर

देवी लोक के पहले चरण में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा। मंदिर का मुख्य शिखर 108 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। परियोजना में 220 यज्ञशालाएं, 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, मंदिर कॉरिडोर, चार भव्य प्रवेश द्वार, वीवीआईपी भवन और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए चारपहिया वाहन एवं बस पार्किंग, शौचालय, उद्यान और हरित क्षेत्र विकसित होंगे। विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, अग्निशमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

सड़क और पुल से सुगम होगा आवागमन

मुख्यमंत्री ने बताया कि आमला से नलखेड़ा तक करीब 14 किलोमीटर मार्ग को 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फोरलेन बनाया जा रहा है। लखुंदर नदी पर 13.77 करोड़ रुपये की लागत से नया उच्चस्तरीय पुल भी बनाया जाएगा। नदी के तटों पर सुंदर घाट विकसित होंगे। सड़कों, पार्किंग,धर्मशालाओं और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैजनाथ धाम की तरह मां बगलामुखी धाम को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने अच्छी बारिश और सोयाबीन की फसल का उल्लेख करते हुए किसानों की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा कोर कमेटी में निंदा प्रस्ताव,3 शहरों में होंगी बड़ी रैलियां

    —‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में जुटेंगे कार्यकर्ता,राज्यसभा उम्मीदवारों के पैनल पर बनी सहमति भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में…

    सरकार और संगठन के काम..जनता तक पहुंचाने की सीख

    —भाजपा की सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में डिजिटल संवाद, तथ्यात्मक जानकारी और प्रभावी नैरेटिव निर्माण पर जोर; प्रत्येक विधानसभा में 100 डिजिटल साथियों की टीम बनाने का…

    Leave a Reply